'भारत ने अच्छा खेल दिखाया और हमें कड़ी चुनौती दी', ब्राजील की 4-0 से जीत के बाद बोले कोच एंसेलोटी

'भारत ने अच्छा खेल दिखाया और हमें कड़ी चुनौती दी', ब्राजील की 4-0 से जीत के बाद बोले कोच एंसेलोटी

कोलकाता, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने भारतीय टीम की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत ने काउंटर-अटैक पर शानदार खेल दिखाया और पूरे मैच में ब्राजील को कड़ी चुनौती दी। एंसेलोटी ने माना कि विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक और कठिन था। उनके अनुसार, भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मैच में ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया, जिससे ब्राजील को जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

भारत ने पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील को कड़ी टक्कर दी, लेकिन शनिवार को 'सेलेसाओ' (ब्राजीलियाई टीम) ने अपनी क्लास दिखाई और 4-0 से जीत हासिल की। ​​एस्टेवाओ और पेड्रो ने हाफ-टाइम से पहले गोल किए, जबकि सब्स्टीट्यूट सैमुअल लिनो ने ब्रेक के बाद दो गोल दागे।

एआईएफएफ के अनुसार, एंसेलोटी ने कहा, "भारत ने अच्छा खेला। उन्होंने अपना गेम खेलने की कोशिश की। भारत ने डिफेंस किया, वे संगठित थे और काउंटर-अटैक करने की कोशिश की। मुझे लगता है कि उन्होंने अच्छा खेल दिखाया। हमें स्कोर खोलने में मुश्किल हुई, लेकिन जैसे ही एस्टेवाओ ने गोल किया, हमें गेम को बेहतर ढंग से कंट्रोल करने का मौका मिला।"

हालांकि, ब्राजील ने कोई गोल नहीं खाया (क्लीन शीट रखी), लेकिन एंसेलोटी ने माना कि भारत कुछ काउंटर-अटैक के दौरान खाली जगह (स्पेस) बनाने में कामयाब रहा। इटैलियन कोच ने यह भी बताया कि ब्राजील ने डिफेंस में ऐसे खिलाड़ियों को उतारा था जो पहले कभी एक साथ नहीं खेले थे।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमने अच्छा डिफेंस किया। अगर काउंटर-अटैक में कुछ मौके मिलते तो हम और बेहतर डिफेंस कर सकते थे, लेकिन मेरे हिसाब से हमारे लिए गोल न खाना जरूरी था। जाहिर है कि हमें डिफेंस में कुछ चीजें बेहतर करनी होंगी, लेकिन हमारा डिफेंस नया था और खिलाड़ी पहले कभी एक साथ नहीं खेले थे, इसलिए शायद सब कुछ एकदम सही नहीं था।"

एंसेलोटी ने आगे कहा, "एक बार फिर, संदेश यही है कि हम यहां आकर खुश हैं। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की। हमने उन सभी लोगों को अपनी बेहतरीन क्वालिटी दिखाने की कोशिश की जो ब्राजील और फुटबॉल से प्यार करते हैं, और मुझे उम्मीद है कि उन्होंने इस मैच का आनंद लिया होगा।"

शुरुआती दौर में भारत ने एकजुट होकर खेला और तेजी से अटैक करके ब्राजील को चुनौती देने की कोशिश की। हालांकि, पहले हाफ के ज्यादातर समय मोरिसको को ज्यादा कुछ नहीं करना पड़ा, लेकिन खेल दोबारा शुरू होने के बाद भारत ने रयान विलियम्स और मनवीर सिंह के जरिए ब्राजीलियाई गोलकीपर की परीक्षा ली। पूरे मैच और लगभग 51,000 दर्शकों से बने माहौल के बारे में बात करते हुए एंसेलोटी ने कहा, "हमें अच्छा लग रहा है। यह एक अच्छा अनुभव था। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा और रोमांचक मैच था, जिसमें काफी जोश था, और भारत ने भी अपना काम बखूबी किया।"

इस फ्रेंडली मैच से एंसेलोटी को ब्राजील की उभरती हुई पीढ़ी के कई खिलाड़ियों को परखने का मौका भी मिला। उन्होंने दूसरे हाफ में कई बड़े बदलाव किए। इसके साथ ब्राजील की टीम ने तीन मैचों की इंटरनेशनल सीरीज का समापन किया, जिसकी शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों से हुई थी।

--आईएएनएस

एसएम/एएस