जयशंकर और बुल्गारिया की विदेश मंत्री के बीच द्विपक्षीय वार्ता, व्यापार से लेकर एआई और रक्षा सहयोग पर बनी सहमति

India-Bulgaria relations

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और बुल्गारिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नया आयाम देने पर सहमति जताई है। अगले पांच वर्षों का रोडमैप तैयार कर लिया है जिसके तहत दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा, अंतरिक्ष, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे।

बुल्गारिया की विदेश मंत्री डॉ. वेलिस्लावा पेट्रोवा-चामोवा की 20 से 22 नवंबर तक की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने भविष्य की साझेदारी को लेकर यह रोडमैप साझा किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर द्विपक्षीय वार्ता की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला है। जानकारी के अनुसार, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और बुल्गारिया की विदेश मंत्री के बीच 21 नवंबर को नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-बुल्गारिया द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की और सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

वार्ता में व्यापार एवं निवेश, बुनियादी ढांचे का विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष, रक्षा, शिक्षा, संस्कृति, लोगों की आवाजाही और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

दोनों विदेश मंत्रियों ने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मजबूत होते संबंधों पर भी संतोष व्यक्त किया। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों तथा बहुपक्षीय मंचों पर आपसी सहयोग को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया।

इस यात्रा का प्रमुख परिणाम अगले पांच वर्षों के लिए 'उन्नत साझेदारी का संयुक्त रोडमैप' रहा। दोनों पक्षों ने इस दस्तावेज का आदान-प्रदान किया, जो आने वाले वर्षों में भारत और बुल्गारिया के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए दिशा तय करेगा।

भारत यात्रा के दौरान बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति से भी मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक की।

भारत और बुल्गारिया के बीच 1954 से ही राजनयिक संबंध हैं। बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा की भारत यात्रा से दोनों देशों के सहयोग को नई रफ्तार मिली है। यह 17 वर्षों में किसी बल्गेरियाई विदेश मंत्री का पहला भारत दौरा रहा।

--आईएएनएस

केआर/