भारत बनाम न्यूजीलैंड: टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच बल्लेबाज, टॉप पर राहुल द्रविड़ का नाम

भारत बनाम न्यूजीलैंड: टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच बल्लेबाज, टॉप पर राहुल द्रविड़ का नाम

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 19 नवंबर से होगा। टी20 और वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम टेस्ट में भी दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड से उनके घर में पार पाना आसान नहीं होगा। आइए आपको उन पांच बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

राहुल द्रविड़: भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है। द्रविड़ ने 15 टेस्ट मैचों की 28 पारियों में 63.80 की औसत से 1,659 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 6 अर्धशतक लगाए। द्रविड़ उन भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में दोहरा शतक लगाया है।

सचिन तेंदुलकर: भारत के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। सचिन ने 24 टेस्ट मैचों की 39 पारियों में 46.91 की औसत से 1,595 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 8 अर्धशतक लगाए और 217 रन उनका सर्वाधिक स्कोर रहा।

ब्रेंडन मैकुलम: टेस्ट में न्यूजीलैंड की तरफ से भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ब्रेंडन मैकुलम के नाम है। मैकुलम ने 10 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में 68 की औसत से खेलते हुए 1,224 रन बनाए हैं। मैकुलम ने भारत के खिलाफ 4 शतक और 2 अर्धशतक लगाए।

ग्राहम डाउलिंग: भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे नंबर पर ग्राहम डाउलिंग का नाम है। 1965 से 1969 के बीच न्यूजीलैंड के इस बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ खेले 11 टेस्ट मैचों की 22 पारियों में 48.20 की औसत से 964 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 2 अर्धशतक लगाए।

विराट कोहली: टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके विराट कोहली भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। कोहली ने 14 टेस्ट मैचों की 27 पारियों में न्यूजीलैंड के खिलाफ 38.36 की औसत से खेलते हुए 959 रन बनाए। विराट ने इस दौरान 3 शतक और 4 अर्धशतक लगाए।

--आईएएनएस

एसएम/एएस