बेसिल भर्ती 2026: रेसिडेंशियल सुपरवाइजर समेत 22 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता और सैलरी

बेसिल भर्ती 2026: रेसिडेंशियल सुपरवाइजर समेत 22 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता और सैलरी

नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) ने दिल्ली/एनसीआर स्थित केंद्र सरकार के अस्पतालों में पूरी तरह से अनुबंध के आधार पर योग्य कर्मचारियों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके विभिन्न 22 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

बेसिल की ओर से जारी 22 रिक्तियों में रेसिडेंशियल सुपरवाइजर का 1, रसोइया के 2, किचन अटेंडेंट के 2 और बस/एम्बुलेंस/ट्रक/भारी वाहनों के लिए ड्राइवर के 17 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार बेसिल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से रेसिडेंशियल सुपरवाइजर के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री और अन्य सभी पदों के लिए 10वीं पास/मैट्रिकुलेट होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित एक से पांच वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 35 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 28 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता मानदंडों के आधार पर आवेदनों की जांच और शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, चिकित्सा परीक्षण, स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 21,502 से 26,208 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 295 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम