आजम खान के 'बिरयानी' वाले बयान पर इंडिया गठबंधन एकजुट, बोले- ओवैसी को दिखाया आईना

आजम खान के 'बिरयानी' वाले बयान पर इंडिया गठबंधन एकजुट, बोले- ओवैसी को दिखाया आईना

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान के 'बिरयानी' वाले बयान का इंडिया गठबंधन के नेताओं ने समर्थन किया है। दरअसल, गुरुवार को आजम खान ने एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में हैदराबाद की बिरयानी पसंद नहीं की जाती, यहां पुलाव पसंद किया जाता है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि आजम खान ने सही कहा कि उत्तर प्रदेश में हैदराबाद को भी पसंद नहीं किया जाता है। यहां पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। अखिलेश यादव ने पहले भी इस बात को कहा था कि कुछ दल टूरिस्ट के रूप में उत्तर प्रदेश आते हैं। जिस-जिस राज्य में चुनाव होता है, वे दल भारतीय जनता पार्टी की मदद करने के लिए टूरिस्ट के रूप में वहां पहुंचते हैं। वही बात आजम खान ने कही है। प्रदेश के लोग हों या रामपुर के लोग हों, वे हैदराबादी बिरयानी को भी पसंद नहीं करते और हैदराबादी अब्दुल को भी पसंद नहीं करते।

उन्होंने कहा कि जो लोग आजम खान से हमदर्द रहे हैं, आजम खान ने उनसे साफ कहा कि चार कदम पर मेरा घर था, मेरी पत्नी थी, मेरा परिवार था। अगर उनको हमदर्दी थी, तो हमारे परिवार से मिलते। इसलिए उत्तर प्रदेश के लोग हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं करते हैं, बल्कि टुंडे के कबाब और इदरीस की बिरयानी पसंद करते हैं।

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी आजम खान के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आजम खान के इस बयान का तहे दिल से स्वागत होना चाहिए। भले ही दस साल तक भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जेल में रखा है, लेकिन उनके तेवर में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने ओवैसी को उनकी जगह दिखा दी और यह बता दिया कि उत्तर प्रदेश के नल, नील, पोल, भील, पिछड़ा, दलित, आदिवासी, महिला, नौजवान, किसान, पीड़ित, शोषित, वंचित और अल्पसंख्यक, ये सभी लोग इस बार इंडिया गठबंधन को वोट करने जा रहे हैं।

सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि जो लोग भी भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैदराबाद से आए हैं, उनको अपना बोरिया-बिस्तर संभालकर लखनऊ की बिरयानी खाकर, पुलाव खाकर हैदराबाद निकल जाना चाहिए। उत्तर प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि कौन उनके साथ है और कौन सिर्फ चुनाव के समय टूरिस्ट बनकर आता है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम