अयोध्या, 18 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को पूरे देश में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देशभर से रामनगरी अयोध्या में दर्शन को पहुंचे भक्तों ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भक्तों ने एक स्वर में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की तरफ अग्रसर है। उन्होंने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
रामनगरी अयोध्या में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की बधाइयां दीं।
महाराजगंज से आई महिला प्रज्ञा मिश्रा ने पीएम मोदी की सरकार की कई उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाईं। यहां तक कि औरतों के सम्मान में इज्जत घर (शौचालय) बनवाया गया। इसके लिए पीएम मोदी की जितनी तारीफ की जाए कम है। उनको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। उनके जन्मदिन पर लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य को लेकर पूजा की।
राजस्थान के दौसा से आए युवक राजेश कुमार ने बताया कि मैं पहली बार अयोध्या आया हूं। पीएम मोदी का कार्यकाल सराहनीय है। जो कार्य पिछली सरकार नहीं कर पाई, उसे काफी बेहतर तरीके से उन्होंने किया है। अयोध्या में रामलला का मंदिर कई साल से नहीं बन पा रहा था। इसका निर्माण बिना किसी दंगे के शांतिपूर्वक करने का श्रेय पीएम मोदी को जाता है। इसके लिए हम शुक्रिया करते हैं।
बिहार से आए नौजवान मोहन सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी के प्रभाव से ही भारत ही नहीं विदेशों में भी भारतीयों का सम्मान किया जा रहा है।
बिहार से आए श्रद्धालु युवक राकेश ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने श्रीराम मंदिर का निर्माण कराया। उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। पिछली सरकारों ने कोई काम नहीं किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम उनको दीर्घ आयु प्रदान करें।
गुजरात से आए श्रद्धालु ने कहा कि पीएम मोदी गुजरात के सपूत हैं। उन्होंने सिर्फ गुजरात का ही नहीं, पूरे भारत का विकास किया है। पीएम देश के लिए काम कर रहे हैं। 140 करोड़ की जनता इनका परिवार है। उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देने के साथ कहा कि मोदी के नेतृत्व में ही रामलला का मंदिर बन पाना संभव हुआ।
अयोध्या निवासी एक अन्य युवा ने कहा कि पीएम मोदी ने बीते 10 साल में देश के लिए बहुत कुछ किया। पिछले दो सालों में अयोध्या और वाराणसी का बहुत विकास किया गया। इससे लोगों को रोजगार मिल रहा है। पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर बहुत शुभकामनाएं देना चाहूंगा।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी