एशियन गेम्स: वॉकओवर मिलने के बाद परवीन क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, साक्षी वर्ल्ड चैंपियन से हारीं

एशियन गेम्स: वॉकओवर मिलने के बाद परवीन क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, साक्षी वर्ल्ड चैंपियन से हारीं

निशियो, 24 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को भारतीय बॉक्सर परवीन ने 'राउंड ऑफ 16' में ताजिकिस्तान की मलिका नोजिमोवा से वॉकओवर मिलने के बाद महिलाओं के 65 किग्रा कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। परवीन अब मेडल सुनिश्चित करने से बस एक जीत दूर हैं। वहीं, साक्षी चौधरी को महिलाओं के 51 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए क्वार्टर फाइनल में परवीन का मुकाबला उज्बेकिस्तान की मौजूदा वर्ल्ड सिल्वर मेडलिस्ट नवबखोर खमिदोवा से होगा।

हरियाणा में जन्मीं यह बॉक्सर 63 किलोग्राम कैटेगरी में 2022 की एशियन चैंपियन हैं। एशियन गेम्स 2023 के लिए वह 57 किलोग्राम कैटेगरी में चली गई थीं और शुरुआत में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल और ओलंपिक्स कोटा हासिल किया था। हालांकि, 12 महीनों के अंदर तीन बार 'वेयरअबाउट्स' (अपनी लोकेशन की जानकारी न देने) में फेल होने के कारण वाडा द्वारा सस्पेंशन मिलने के बाद उनसे ये दोनों उपलब्धियां छीन ली गई थीं। उन्हें उम्मीद होगी कि इस बार वह मेडल जीत पाएंगी।

दूसरी ओर, भारत की कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन साक्षी चौधरी महिलाओं के 51 किलोग्राम प्री-क्वार्टर फाइनल में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अलुआ बाल्किबेकोवा के खिलाफ 2-3 से हारकर एशियन गेम्स से बाहर हो गईं। भारतीय बॉक्सर ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए कड़ी टक्कर दी, लेकिन तीन जजों के स्कोरकार्ड (27-30) में हार गईं, जबकि दो जजों के कार्ड (30-27 और 29-28) उनके पक्ष में थे।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की गोल्ड मेडलिस्ट साक्षी ने बॉक्सिंग सर्किट में अपना नाम बनाया है। साक्षी ने एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती राउंड में पेरिस ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट आइरा विलेगास को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

भारतीय बॉक्सर सुमित भी पुरुषों के 79 किग्रा 'राउंड ऑफ 16' मुकाबले में उतरे थे। शुरुआती दो राउंड जीतने के बाद वह मुकाबले में आगे चल रहे थे, लेकिन तीसरे राउंड की शुरुआत में ही चोटिल हो गए और रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने के कारण हार गए। भारतीय बॉक्सर ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे; ऐसा लग रहा था कि उन्हें घुटने में चोट लगी है।

निशियो जिम्नेजियम में अपने एशियन गेम्स डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन करते हुए चौधरी ने फिलीपींस की बॉक्सर को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। साक्षी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सिलेक्शन ट्रायल में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निखत जरीन और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा को शिकस्त दी थी।

--आईएएनएस

आरएसजी