एशियन गेम्स: खेल मंत्रालय ने 11 और खिलाड़ियों को शामिल किया, जानिए भारतीय दल में होंगे कितने एथलीट?

एशियन गेम्स: खेल मंत्रालय ने 11 और खिलाड़ियों को शामिल किया, जानिए भारतीय दल में होंगे कितने एथलीट?

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने गुरुवार को एशियन गेम्स के लिए 492 खिलाड़ियों की सूची में 11 और खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिससे एशियन गेम्स के लिए भारतीय दल बढ़कर 768 सदस्य हो गया।

एशियन गेम्स 2026 में 503 खिलाड़ी (269 पुरुष और 234 महिला) शामिल हैं। 246 टीम अधिकारी/सपोर्ट स्टाफ और 19 दल के कर्मचारी भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जो महाद्वीपीय खेलों में 36 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेंगे।

मंत्रालय ने इन खेलों के लिए एथलेटिक्स, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) और सर्फिंग जैसे खेलों के एथलीट्स को शामिल किया। एशियन गेम्स में सर्फिंग की भी शुरुआत हो रही है, जिसमें चार खिलाड़ी (किशोर कुमार, शिवराज, कमाली और शुगर शांति) भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन खेलों में एमएमए की भी शुरुआत हो रही है।

इस बीच, एथलेटिक्स में छह खिलाड़ियों (प्रवीण कुमार, हरिता भद्रा, किरण पहल, आशा इलांगो, सिंधुश्री गणेश और सान्या यादव) को शामिल किया गया है, जबकि मंत्रालय की संशोधित सूची के अनुसार वरुण सान्याल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मंत्रालय ने पुष्टि की है कि 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के प्रमुख ही क्रिकेट इवेंट के लिए भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच होंगे। सुनील जोशी, ऋषिकेश कानिटकर और सुभादीप घोष लक्ष्मण के साथ जुड़ेंगे, जबकि अमोल मजूमदार एशियन गेम्स के लिए महिला टीम की कमान संभालेंगे। मजूमदार की कोचिंग टीम में आविष्कार साल्वी बॉलिंग कोच और मुनीश बाली फील्डिंग कोच होंगे।

इससे पहले दिन में, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने भी एशियन गेम्स के लिए एथलेटिक्स टीम के 77 सदस्यों को अंतिम रूप दिया। चोट के कारण 2022 एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के बाहर होने के बाद, राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता यशवीर सिंह ने सूची में उनकी जगह ली है। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट चोपड़ा का नाम शुरू में गेम्स के लिए 73-सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब वह जकार्ता 2018 और हांगझोऊ 2023 में जीते गए अपने खिताबों का बचाव नहीं करेंगे। पुरुषों के जैवलिन थ्रो के लिए चुने गए दूसरे भारतीय रोहित यादव हैं।

भारत की एथलेटिक्स टीम में एशियन गेम्स के 15 चैंपियन और मेडलिस्ट शामिल हैं जो फिर से हिस्सा ले रहे हैं। अविनाश साबले, तेजिंदरपाल सिंह तूर, पारुल चौधरी और अन्नू रानी हांगझोऊ 2023 के वे चार व्यक्तिगत चैंपियन हैं जो टीम में बने हुए हैं और उन्हें जापान में अपने खिताबों का बचाव करने का मौका मिलेगा।

इस बीच, पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) के एथलीट तेजस शिर्से को भी टीम से हटा दिया गया है। उन्हें शुरू में 110 मीटर बाधा दौड़ के लिए चुना गया था, जबकि ग्लासगो में सीडब्ल्यूजी के दौरान उनके बाएं पैर में दो स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गए थे। अभिषेक पाल को भी टीम से बाहर कर दिया गया; वह नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (नाडा) द्वारा नियमों के कथित उल्लंघन के लिए नोटिस मिलने के बाद डोपिंग विवाद में फंस गए थे।

--आईएएनएस

आरएसजी