एशियन गेम्स 2026 : सेमीफाइनल में 5 भारतीय खिलाड़ी मचा सकते हैं धमाल, तिलक वर्मा का रिकॉर्ड दमदार

एशियन गेम्स 2026: सेमीफाइनल में ये 5 भारतीय खिलाड़ी मचा सकते हैं धमाल, तिलक वर्मा का रिकॉर्ड दमदार

नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया ने 'एशियन गेम्स- 2026' के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा, जिसके बाद बेहतर आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर टीम इंडिया को अंतिम चार का टिकट मिल गया। भारत अपना सेमीफाइनल मुकाबला 1 अक्टूबर को खेलेगा। आइए, आपको उन पांच भारतीय खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

अभिषेक शर्मा : टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अभिषेक ने सिर्फ 30 गेंदों में शतक लगाया था। तीन मैचों में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 269 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 229 रन बनाए थे। वह अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलटने का दमखम रखते हैं। जापान के खिलाफ फ्लॉप रहने के बाद अभिषेक सेमीफाइनल मैच में जरूर अपना दमखम दिखाने को बेकरार होंगे।

तिलक वर्मा : एशियन गेम्स 2023 के सेमीफाइनल मुकाबले में तिलक वर्मा ने अपनी तूफानी पारी से मैच को एकतरफा बना दिया था। तिलक ने महज 26 गेंदों का सामना करते हुए 55 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के लगाए थे। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच पूरे टूर्नामेंट में थोड़ी धीमी नजर आई है और ऐसी पिचों पर तिलक को खेलने में काफी आनंद आता है। वह पारी को बुनने के साथ-साथ बड़े शॉट्स लगाने में माहिर हैं।

ईशान किशन : विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के लिए यह साल बल्ले से बेमिसाल रहा है। साल 2026 में अब तक खेले 27 मुकाबलों में ईशान 171 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 905 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। ईशान सेमीफाइनल में भारतीय टीम के ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं।

अक्षर पटेल : एशियन गेम्स 2026 में अब तक खेले गए मुकाबलों में पिच से स्पिन गेंदबाजों को अच्छी-खासी मदद मिली है। गेंद थोड़ी फंसकर बल्ले पर आती दिखाई दी है। ऐसी पिचों पर अक्षर टीम इंडिया के लिए सबसे कारगर गेंदबाज साबित हो सकते हैं। जापान के खिलाफ खेले गए मैच में भी अक्षर ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी। सेमीफाइनल में अक्षर के 4 ओवर काफी महत्वपूर्ण होंगे।

जसप्रीत बुमराह : बड़े मैचों में दमदार प्रदर्शन करना जसप्रीत बुमराह की मानो आदत सी रही है। सेमीफाइनल में बुमराह विपक्षी बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन सकते हैं। शुरुआती ओवरों में विकेट चटकाने के साथ-साथ अंत के ओवरों में भी बुमराह छाप छोड़ने में माहिर हैं। बुमराह अपने चार ओवर के स्पेल में मैच का रुख पलटने की काबिलियत रखते हैं।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम