निशिन, 28 सितंबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होती झमाझम बारिश के चलते भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा।
आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अफगानिस्तान से ऊपर होने के कारण भारतीय टीम को बिना मैदान पर उतरे ही सेमीफाइनल में जगह मिल गई है। भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में पहले स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें नंबर पर मौजूद है। बारिश की वजह से मैच में टॉस भी नहीं हो सका और मैदान पूरी तरह से कवर्स से ढका रहा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अब एक अक्टूबर को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी।
इससे पहले, इसी ग्राउंड पर सोमवार को पाकिस्तान और हांगकांग (चीन) के बीच होने वाला पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा। पाकिस्तान की आईसीसी टी20 रैंकिंग हांगकांग (चीन) से बेहतर होने के कारण उन्हें सेमीफाइनल का टिकट मिला। टूर्नामेंट का तीसरा और चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला मंगलवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में श्रीलंका की भिड़ंत नेपाल के साथ होनी है जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश का सामना मलेशिया से होगा।
एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने से पहले भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। बारिश के कारण यह मैच 5-5 ओवर का खेला गया था, जहां भारतीय टीम रोमांचक मुकाबले में 2 रनों से जीत दर्ज करने में सफल रही थी। भारतीय बल्लेबाज जापान के स्पिनर्स के सामने संघर्ष करते नजर आए थे और टीम 5 ओवर में 4 विकेट खोकर 32 रन ही बना सकी थी।
अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे जबकि ईशान किशन, संजू सैमसन और कप्तान श्रेयस अय्यर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। भारतीय पारी में सिर्फ दो चौके लगे थे। हालांकि, अक्षर पटेल की अच्छी गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम जापान को 30 रनों के स्कोर पर रोकने में सफल रही थी।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम