मोहाली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का फाइनल मेजबान भारत और जापान के बीच गुरुवार को शाम 7 बजे से मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने के लिए फाइनल के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।
भारतीय टीम ने बुधवार को इसी स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। टीम इंडिया 8-1 की बड़ी जीत के साथ रिकॉर्ड सातवीं बार फाइनल में पहुंची। भारतीय टीम की तरफ से शिलानंद लाकरा और दिलप्रीत सिंह ने 2-2 गोल किए, जबकि हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, अंगबीर सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने गोल किए। दक्षिण कोरिया की तरफ से सांगजुन हन ने एकमात्र गोल किया।
जापान ने सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ पेनल्टी शूट आउट में 5-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम टूर्नामेंट में अब तक पूरी तरह अजेय रही है। फाइनल में जीत के साथ टीम इंडिया का लक्ष्य रिकॉर्ड छठी बार खिताब पर कब्जा जमाना है।
भारत और जापान के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले तीसरे स्थान के लिए गुरुवार शाम 4:30 से मलेशिया और दक्षिण कोरिया बीच मुकाबला होगा। यह मुकाबला भी ओलिंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम, मोहाली में खेला जाएगा। विजयी टीम को कांस्य पदक दिया जाएगा।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी की शुरुआत वर्ष 2011 में हुई थी। इस टूर्नामेंट का आयोजन एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) द्वारा किया जाता है। मौजूदा संस्करण टूर्नामेंट का नौवां संस्करण है। भारत टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है। पहले संस्करण में पाकिस्तान को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर विजेता रही टीम इंडिया कुल 5 बार चैंपियन रही है, जिसमें एक बार पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता रही है। पाकिस्तान तीन बार विजेता रहा है, जिसमें एक बार भारत के साथ संयुक्त विजेता रहा है। इसके अलावा, एक बार दक्षिण कोरिया विजेता रही है।
--आईएएनएस
पीएके