ईटानगर, 12 सितंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एपीपीएससी) ने विभिन्न पदों/सेवाओं में 155 रिक्तियों पर 'ग्रुप-ए और ग्रुप-बी, गैजेटेड (टेक्निकल) पद-2026 (भाग-I)' की संयुक्त भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए देश के नागरिकों, अरुणाचल प्रदेश के स्थायी निवासियों और अरुणाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति का मूल निवासी प्रमाण-पत्र रखने वाले लोगों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
एपीपीएससी की ओर से जारी 155 रिक्तियों में कृषि विकास अधिकारी (कृषि विभाग) के 42, बागवानी विकास अधिकारी (बागवानी विभाग) के 45, पशु चिकित्सा अधिकारी (पशुपालन और पशु चिकित्सा विभाग) के 66, सहायक निदेशक (रेशम उत्पादन)-कपड़ा और हस्तशिल्प विभाग का 1 और डेयरी विकास अधिकारी (पशुपालन और पशु चिकित्सा विभाग) का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर की शाम 5 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विभाग के अनुसार कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा, साक्षात्कार/मौखिक परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 35,400 से 1,77,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 200 रुपए तय किया गया है। वहीं, शारीरिक रूप से दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी