अनुच्छेद 370 हटाना भाजपा का था ऐतिहासिक फैसला, राहुल गांधी देश को बांटने की राजनीति कर रहे: गौरव भाटिया

अनुच्छेद 370 हटाना भाजपा का था ऐतिहासिक फैसला, राहुल गांधी देश को बांटने की राजनीति कर रहे: गौरव भाटिया

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए और इसे भारत की एकता, अखंडता तथा संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक फैसला बताया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने नई दिल्ली में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, जबकि श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तिरंगा फहराकर इस दिन को विशेष रूप से मनाया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि 5 अगस्त का दिन हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। सात वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह भारतीय संविधान की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उनके अनुसार यह फैसला संविधान की भावना के अनुरूप था और इससे राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती मिली।

भाटिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इस ऐतिहासिक निर्णय को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर विकास, निवेश, पर्यटन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

श्रीनगर में अनुच्छेद 370 हटने की सातवीं वर्षगांठ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाल चौक सहित विभिन्न स्थानों पर तिरंगा फहराया। भाजपा कार्यकर्ता मंजूर अहमद ने कहा कि यह उसी प्रक्रिया का हिस्सा है जिसकी शुरुआत 5 अगस्त 2019 को हुई थी।

उन्होंने बताया कि 2019 में भी उन्होंने लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था और इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। उनके अनुसार पार्टी ने प्रत्येक घर, दुकान, संस्थान और सार्वजनिक स्थान पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया है ताकि राष्ट्रीय ध्वज हर स्थान पर सम्मानपूर्वक लहराता दिखाई दे।

गौरव भाटिया ने विपक्ष, विशेष रूप से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से नहीं चलने दे रहा है। भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हैं, जबकि विपक्ष देश को बांटने की राजनीति करता है। यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष अराजक तत्वों के साथ खड़ा होकर लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज में बाधा उत्पन्न करता है।

भाजपा प्रवक्ता ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वर्ष 2019 से 2026 के बीच कुल 274 भगोड़ों को 36 देशों से भारत वापस लाया गया है। उन्होंने इसे कानून के शासन को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का परिणाम बताया। यह आंकड़ा दर्शाता है कि भारत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपराधियों को कानून के दायरे में लाने में अधिक प्रभावी हुआ है।

प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, "स्वाभाविक रूप से मन में एक सवाल आता है, और मैं उसे आपके सामने रखना चाहता हूं। इन भगोड़ों ने क्या अपराध किए थे? ये लोग गंभीर अपराधों के आरोपी हैं। इनमें 53 लोग यौन अपराधों के आरोपी हैं, जिनमें बच्चों के खिलाफ रेप और पॉक्सो अपराध शामिल हैं। 42 लोग संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के आरोपी हैं। 18 लोग मानव तस्करी और अपहरण के आरोपी हैं। 16 लोग आतंकवादी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के आरोपी हैं। आतंकवादियों को वापस लाया गया है। कोई भी भारत की ओर बुरी नज़र से नहीं देख सकता।"

उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत ड्रग तस्करी के 16 आरोपी हैं, 12 लोग नकली करेंसी और साइबर अपराध के आरोपी हैं और अन्य धोखाधड़ी और वित्तीय अपराधों में शामिल हैं। विजय माल्या जैसे लोग, जिनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, और कई अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। बाकी 45 लोग अन्य अपराधों के आरोपी हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम