अमरावती, 2 जून (आईएएनएस)। समग्र शिक्षा, विद्यालय शिक्षा विभाग, आंध्र प्रदेश सरकार ने तृतीय-स्तरीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में प्रधानाचार्य, पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षक (पीजीटी), संविदा आवासीय शिक्षक (सीआरटी) और शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीईटी) के कुल 299 पदों पर केवल पात्र महिला उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आंध्र प्रदेश केजीबीवी की ओर से यह नियुक्ति शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए संविदा आधार पर राज्य भर में स्थित 352 तृतीय-स्तरीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में शिक्षण के लिए की जा रही है, सिवाय पूर्वी गोदावरी, डॉ बीआरए कोनासीमा, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा और गुंटूर जिलों को छोड़कर।
समग्र शिक्षा की ओर से जारी 299 रिक्तियों में प्रिंसिपल के 16, पीजीटी के 98, सीआरटी के 133 और पीईटी के 52 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 जून तय की गई है। ऐसे में जो महिला उम्मीदवार इन पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहती हैं, वे आंध प्रदेश के बाल एवं शिशु शिक्षा विद्यालयों (केजीबीवी) के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकती हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एनसीटीई/यूजीसी द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से प्रधानाचार्य पद के लिए बीएड/एमए और पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री; पीजीटी के लिए बीएड और मास्टर डिग्री/2 वर्षीय पोस्ट-ग्रेजुएट पाठ्यक्रम या बीई/बीटेक/एमएससी/संबंधित विशेषज्ञता के साथ बीएससी; सीआरटी के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन या आरआईई-एनसीईआरटी से 4 वर्षीय एकीकृत डिग्री और बीएड; पीईटी के लिए शारीरिक शिक्षा में यूजीडिप्लोमा (यूजीडीपीई) या बीपीएड/एमपीएड और इंटरमीडिएट (आंध्र प्रदेश शिक्षा बोर्ड) या ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।
प्रधानाचार्य, सीआरटी (सभी विषय) और पीजीटी (केवल सामान्य विषय) के पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का आंध्र प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (एपीटीई) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं, पीईटी और पीजीटी (व्यावसायिक विषय) के पदों के लिए टीईटी योग्यता अनिवार्य नहीं है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यताओं में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर मेरिट सूची एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 26,759 से 34,139 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 300 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान के बाद ही आपके पत्र को स्वीकार किया जाएगा।
कैंडिडेट्स को भर्ती और योग्यता से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आंध्र प्रदेश केजीबीवी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पद के लिए जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी