आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में सिविल जज बनने का सुनहरा मौका, 1 अक्टूबर तक करें आवेदन

आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में सिविल जज बनने का सुनहरा मौका, 1 अक्टूबर तक करें आवेदन

अमरावती, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उच्च न्यायालय में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने स्टेट ज्यूडिशियल सर्विस में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के कुल 16 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से सिविल जज (जूनियर डिवीजन) पोस्ट के लिए जारी 16 रिक्तियों में सामान्य श्रेणी (ओसी) के 12, एससी (ग्रुप-I) का 1, एससी (ग्रुप-II) का 1, एससी (ग्रुप-III) का 1 और एसटी का 1 पद शामिल हैं।

सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

इन पदों के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (एलडीसीई) के जरिए तेजी से प्रमोशन के माध्यम से सिविल जज (सीनियर डिवीजन)) के पद पर नियुक्त होने वाले वह व्यक्ति, जिसने 31 मार्च 2026 तक आंध्र प्रदेश राज्य न्यायिक सेवा में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के तौर पर कम से कम 3 वर्ष की सेवा पूरी कर ली हो, वे ही इन पदों के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की शॉर्टलिस्टिंग, कंप्यूटर-आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट (यदि आवश्यक हो), लिखित परीक्षा, मौखिक परीक्षा (वाइवा-वोस) और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,11,000 से 1,63,030 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो ओपन कैटेगरी/ईडब्ल्यूएस/पिछड़ा वर्ग (बीसी) के लिए 1,100 रुपए और एससी/एसटी/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए 500 रुपए तय किया गया है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर संबंधित प्रधान जिला न्यायाधीश के कार्यालय में तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले जमा करना होगा।

--आईएएनएस

डीके/पीएम