मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेताओं की बैठक और इंडिया गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बैठक को पहले से तय बताते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसकी पूरी जानकारी थी। पाटिल ने मीडिया में चल रही अटकलों पर भी नाराजगी जताई और खबर प्रसारित करने से पहले पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि से पुष्टि करने की अपील की।
उमेश पाटिल ने कहा कि अमित शाह के साथ हुई बैठक की तस्वीर आज की ही है। पिछली बार जब पार्टी के दिवंगत नेता अजित पवार ने अमित शाह से मुलाकात की थी, तभी उन्होंने यह जानकारी दी थी कि पार्टी के कई नेता और नेतृत्व उनसे मिलना चाहते हैं। इसी बातचीत के बाद आज यह बैठक हुई। यह कोई अचानक हुई मुलाकात नहीं थी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसके बारे में पहले से पता था।
बैठक के एजेंडे को लेकर पूछे गए सवाल पर पाटिल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के पास मौजूद विभागों और उनसे जुड़े केंद्र सरकार के विषयों पर चर्चा की। महाराष्ट्र की मौजूदा परिस्थितियों से संबंधित मुद्दे भी बैठक में उठाए गए। एनसीपी का किसानों से विशेष जुड़ाव है और किसानों से संबंधित विभाग भी पार्टी के पास है। इसलिए किसानों से जुड़े विषयों पर बातचीत होना स्वाभाविक है। उन्होंने यह भी कहा कि जब दिवंगत अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी एनडीए में शामिल हुई थी, उस समय कुछ बातें तय हुई थीं। उनमें से कुछ मुद्दे अब भी लंबित हैं और बैठक में उन पर भी चर्चा हुई होगी।
वित्त विभाग के मुद्दे पर उमेश पाटिल ने कहा कि इस संबंध में बातचीत हो चुकी है। मुख्यमंत्री भी कह चुके हैं कि जल्द से जल्द वित्त विभाग एनसीपी के पास आएगा। पाटिल ने इस मामले में किसी तरह की शंका होने से इनकार किया और भरोसा जताया कि विभाग को लेकर स्थिति जल्द स्पष्ट होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता ने मीडिया से अपील की कि किसी भी खबर को चलाने से पहले उसकी पुष्टि पार्टी के अधिकृत नेता या आधिकारिक प्रवक्ता से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के किसी नेता ने आधिकारिक रूप से जानकारी दी है तो उसे आधार बनाकर खबर चलाना समझ में आता है, लेकिन केवल सूत्रों के हवाले से खबर प्रसारित करने पर सवाल उठते हैं। यदि किसी खबर की जानकारी अनौपचारिक स्रोतों से मिलती है तो उसे प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि से पुष्टि कर लेनी चाहिए।
पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए उमेश पाटिल ने कहा कि एनसीपी में सब कुछ ठीक है और सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। पार्टी में विभाजन के बाद कुछ लोग नहीं चाहते कि एनसीपी आगे बढ़े। ऐसे लोग पुराने मुद्दों को लेकर खबरें फैलाते रहते हैं और कभी-कभी पार्टी के ही इनपुट के नाम पर भ्रामक बातें मीडिया में चलाने की कोशिश करते हैं।
वहीं, इंडिया गठबंधन की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए उमेश पाटिल ने कहा कि संविधान के तहत हर पार्टी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विपक्ष कहता है कि संविधान का गला घोंटा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में इतनी बड़ी रैली का आयोजन किया गया। अगर संविधान का गला घोंटा जाता तो सरकार यह रैली होने ही नहीं देती। सरकार रैली होने दे रही है और आलोचना को भी स्वीकार कर रही है। उन्होंने अपनी बात रखी है, हम भी अपनी बात रखेंगे।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम