एम्स-मंगलगिरि में 28 सीनियर रेजिडेंट/सीनियर डेमोंस्ट्रेटर पदों पर आवेदन जारी, 21 नवंबर अंतिम तिथि

एम्स-मंगलगिरि में 28 सीनियर रेजिडेंट/सीनियर डेमोंस्ट्रेटर पदों पर आवेदन जारी, 21 नवंबर अंतिम तिथि

अमरावती, 7 नवंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, एम्स, मंगलगिरि, आंध्र प्रदेश ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट/सीनियर डेमोंस्ट्रेटर के कुल 28 पदों पर भर्ती की घोषणा एक विज्ञापन प्रकाशित करके की है।

एम्स-मंगलगिरि की ओर से अपने जिन विभागों में 28 सीनियर रेजिडेंट/सीनियर डेमोंस्ट्रेटर पदों पर भर्ती की घोषणा की गई है, उनमें एनेस्थिसियोलॉजी में 5, एनाटॉमी में 1, कम्युनिटी और फैमिली मेडिसिन में 1, डेंटिस्ट्री में 2, ईएनटी में 1, फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी में 1, जनरल मेडिसिन में 2, जनरल सर्जरी में 1, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में 1, माइक्रोबायोलॉजी में 2, नेफ्रोलॉजी में 1, न्यूक्लियर मेडिसिन में 1, पीडियाट्रिक्स में 1, पैथोलॉजी में 1, फार्माकोलॉजी में 1, फिजियोलॉजी में 1, साइकियाट्री में 1, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में 1, रूमेटोलॉजी में 1 और ट्रॉमा व इमरजेंसी में 2 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट/सीनियर डेमोंस्ट्रेटर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन (गूगल फॉर्म) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 अक्टूबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें एम्स-मंगलगिरि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित स्पेशलिटी एमडी/डीएनबी, एमएससी/एमबायोटेक, एमसीएच/डीएनबी, डीएम/डीआरएनबी, पीएचडी, आदि होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 21 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 1,500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, दिव्यांग व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद नॉन-मेडिकल उम्मीदवारों की सैलरी 56,100 रुपए (एमएससी के साथ पीएचडी) और मेडिकल उम्मीदवारों की 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी