अहमदाबाद में एएमटीएस ने शुरू किए दो नए फीडर बस रूट, यात्रियों को मिल रहा लाभ

अहमदाबाद में एएमटीएस ने शुरू किए दो नए फीडर बस रूट, यात्रियों को मिल रहा लाभ

अहमदाबाद, 24 सितंबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद में मेट्रो स्टेशनों तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एएमटीएस यानी अहमदाबाद म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस ने दो नए मेट्रो फीडर बस रूट शुरू किए हैं। ये दोनों रूट एपैरल पार्क मेट्रो स्टेशन को आसपास के इलाकों से जोड़ते हैं, जिससे मणिनगर और एलजी हॉस्पिटल जाने वाले मरीजों और यात्रियों को काफी लाभ हो रहा है।

फीडर बस रूट एक ऐसा छोटा और स्थानीय बस मार्ग होता है जो रिहायशी इलाकों, कॉलोनियों या बाजारों को मुख्य परिवहन केंद्रों जैसे कि मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन या मुख्य बस अड्डों से जोड़ता है।

फीडर रूट नंबर-8 सर्कुलर और रूट नंबर-9 एंटी सर्कुलर के जरिए एपैरल पार्क मेट्रो स्टेशन के करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले प्रमुख इलाकों के लोग अब आसानी से मेट्रो सेवा का लाभ उठा रहे हैं। इन दोनों फीडर रूट पर एलजी हॉस्पिटल और मणिनगर जैसी व्यस्त जगहें भी शामिल हैं, जिससे बड़ी संख्या में मरीजों और रोजाना सफर करने वालों का सफर सुगम हो गया है।

इस नई सेवा की सबसे खास बात यह है कि यात्रियों को बस स्टैंड पर इंतजार करने की जरूरत नहीं है। यात्री जहां भी हाथ दिखाएंगे, बस वहीं रुक जाएगी।

अहमदाबाद के यात्री डॉ. राकेश सक्सेना ने कहा, "एएमटीएस ने एक नई बस सेवा एपैरल पार्क से शुरू की है, जो एलजी अस्पताल, रामबाग होकर मणिनगर स्टेशन, दक्षिणी आवकार हॉल, हाटकेश्वर होकर वापस स्वस्तिक चार रास्ता से मेट्रो तक जाएगी। यानी यह एक सर्कुलर प्रकार का रूट है। इस बस की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें आपको कहीं भी बस स्टैंड की आवश्यकता नहीं है, आप जहां भी हाथ ऊपर करेंगे, वहां बस रुक जाएगी।"

एक अन्य यात्री बदरस देसाई ने कहा, "इस बस सेवा का लाभ यह है कि हमें कहीं भी बीआरटीएस या मेट्रो की कनेक्टिविटी चाहिए होती है तो इससे बहुत अच्छी सुविधा मिल रही है। आप जहां भी हाथ दिखाएंगे वहीं यह बस रुक जाएगी।"

दोनों रूट की फीडर बसें एपैरल पार्क मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर फिर इसी स्टेशन पर समाप्त होती हैं। इससे अनाज बाजार, मद्रासी मंदिर, एलजी अस्पताल, कृष्णबाग, मणिनगर टर्मिनस, दक्षिणी सोसायटी, आशापुरी सोसायटी, गुजरात हाउसिंग बोर्ड-हरिपुरा, हाटकेश्वर सर्कल और अमराईवाड़ी जैसी प्रमुख जगहों के निवासियों को फायदा हो रहा है।

खास बात यह है कि इस मेट्रो फीडर बस सेवा के तहत वयस्क यात्री के लिए किराया केवल 5 रुपए और बच्चों के लिए 3 रुपए रखा गया है।

अहमदाबाद नगर निगम के मेयर हितेशभाई बारोट ने कहा, "जिस तरह अहमदाबाद के अंदर पहले भी हम मेट्रो से जुड़ी फीडर बस चला रहे थे, उसी तरह हाटकेश्वर में भी मेट्रो फीडर बस चालू की गई है। कोई भी व्यक्ति हाथ दिखाए तो उसे बस मिल जाएगी। लोग पास में ही तुरंत मेट्रो स्टेशन तक पहुंचें, इसके लिए फीडर बसें चालू की गई हैं।"

एएमटीएस कमेटी के चेयरमैन पराग नाइक ने कहा, "केवल 5 रुपए में आपको यह बस सभी स्टेशनों से होकर वापस एपैरल पार्क मेट्रो स्टेशन ले जाएगी। इस बस के कारण जिन लोगों को मेट्रो में जाना है, जहां मेट्रो की कनेक्टिविटी नहीं है, वहां कनेक्टिविटी मिलेगी। जिसके कारण लोग अपना वाहन छोड़कर इस बस में बैठेंगे।"

दोनों रूट पर रोजाना फीडर बसों के कुल 32 ट्रिप संचालित हो रहे हैं, जिनमें 16 सर्कुलर और 16 एंटी सर्कुलर फेरे शामिल हैं। एएमटीएस द्वारा इन मेट्रो फीडर बसों को 40 से 45 मिनट के अंतराल पर चलाया जा रहा है, जिससे न केवल मेट्रो और शहर की बस सेवा के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है बल्कि इस इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट सिस्टम से नागरिकों के पैसे और समय की भी बचत हो रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम