मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में हाल के दिनों में पटाखों से आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (अर्बन डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी) ने रॉकेट और इसी तरह के पटाखों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 9 नवंबर से 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा।
जारी निर्देशों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पटाखों से आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। विशेष रूप से रॉकेट जैसे पटाखों के आसपास की इमारतों की छतों, बालकनियों, खिड़कियों तथा अन्य ज्वलनशील स्थानों पर गिरने से आग लगने का खतरा बढ़ गया है।
प्राधिकरण ने कहा कि मुंबई की घनी आबादी, ऊंची इमारतों, झुग्गी-झोपड़ियों, संकरी सड़कों तथा बड़ी संख्या में मौजूद आवासीय और व्यावसायिक परिसरों को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जारी इस आदेश के अनुसार, प्रतिबंध आवासीय इमारतों, छतों, बालकनियों, आंगनों, पार्किंग स्थलों, स्लम क्षेत्रों और अन्य सभी स्थानों पर लागू होगा।
प्राधिकरण ने संबंधित जोनल पुलिस उपायुक्तों, नगर निगम के सहायक आयुक्तों तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आदेश का सख्ती से पालन करें और प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों का उपयोग न करें।
दरअसल, मुंबई में दीपावली के अवसर पर कई जिलों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं को कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मुंबई के विद्या विहार, डोंगरी और जोगेश्वरी इलाके में रविवार रात आग लग गई। आग लगने की घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस ने बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि अभी आग की असली वजह सामने नहीं आई है।
वहीं, पुणे में दीपावली के लक्ष्मीपूजन के दौरान कई इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सतारा रोड, मंगलवार पेठ, रेंज हिल्स समेत पूरे शहर में आग लगी, जिससे त्योहार के दौरान दमकल सेवा पर काफी दबाव पड़ा। पुणे फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम ने बताया कि इस साल आग की घटनाओं की कुल 94 सूचनाएं मिलीं।
वहीं, मुंबई की मेयर रितू तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि सुरक्षित और आनंददायक दीपावली मनाएं। दीपावली के आनंद में कोई दुर्घटना न हो, इसके लिए मुंबई की प्रथम नागरिक होने के नाते मेरा आप सभी से आग्रह है कि पटाखे फोड़ते समय उच्च न्यायालय के नियमों का पालन करें, सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे न फोड़ें और प्रशासन का सहयोग करें। आपकी एक छोटी सी सावधानी सभी का जीवन सुरक्षित रख सकती है। आपातकालीन स्थिति में संपर्क करें- मुंबई अग्निशमन दल: 101, म्युनिसिपल हेल्पलाइन: 1916, सुरक्षित रहें, आनंद में रहें।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी