नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का रोमांच 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। वहीं, हम आपको आईपीएल इतिहास से जुड़े दिलचस्प रिकॉर्ड बताते हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने का रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम है। वहीं, इस लिस्ट में रोहित शर्मा भी शामिल हैं। आइए आपको उन 5 बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जो सर्वाधिक बार जीरो पर आउट हुए हैं।
ग्लेन मैक्सवेल : आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने का रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम है। इंडियन प्रीमियर लीग में चौके-छक्के लगाने के लिए मशहूर मैक्सवेल 141 मुकाबलों में अब तक 19 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके हैं।
दिनेश कार्तिक : भारतीय बल्लेबाज दिनेश कार्तिक आईपीएल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। कार्तिक इस लीग में खेले गए 257 मुकाबलों में 18 बार जीरो पर आउट हुए हैं। कार्तिक ने अपने आईपीएल करियर में 135 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए कुल 4,842 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा : आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक रोहित शर्मा इस लीग में सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज रहे हैं। कार्तिक की तरह ही रोहित भी इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 18 बार डक पर आउट हो चुके हैं।
सुनील नरेन : इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस का जमकर मनोरंजन करने वाले सुनील नरेन इस लीग में 17 बार डक पर आउट हो चुके हैं। नरेन ने आईपीएल में अब तक कुल 189 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 166 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,780 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतक शामिल रहे हैं।
राशिद खान : अपनी घूमती गेंदों से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान करने वाले राशिद आईपीएल में 16 बार डक पर आउट हो चुके हैं। 136 मुकाबलों में राशिद ने इस लीग में 160 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 585 रन बनाए हैं। वहीं, पीयूष चावला भी आईपीएल में 16 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके हैं।
मंदीप सिंह : आईपीएल में कई बड़ी टीमों का हिस्सा रह चुके मंदीप सिंह इस लीग में खेले गए 111 मुकाबलों में 15 बार जीरो पर पवेलियन लौट चुके हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में खेले गए 111 मुकाबलों में 122 के स्ट्राइक रेट से 1,706 रन बनाए हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम