गुजरात : सीएम भूपेंद्र पटेल का गरबाडा में दूसरा दिन, बाबादेव के स्थल पर दर्शन कर लिया आशीर्वाद

गुजरात : सीएम भूपेंद्र पटेल का गरबाडा में दूसरा दिन, बाबादेव के स्थानक पर दर्शन कर लिया आशीर्वाद

गांधीनगर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दाहोद जिले की तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन धानपुर तालुका के रतनमहाल के घने जंगल के बीच स्थित भुवेरो गांव के प्राचीन बाबादेव स्थल पर पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''आज दाहोद जिले के दौरे का दूसरा दिन, दाहोद तालुका के रतनमहल के घने जंगलों में स्थित भुवेरो गांव में बाबादेव के प्राचीन तीर्थस्थल पर श्रद्धापूर्वक नमन करने, प्रार्थना करने और भेंट चढ़ाने के साथ शुरू हुआ। आदिवासी समुदाय की अटूट आस्था और समृद्ध परंपराओं के प्रतीक बाबादेव के चरणों में, पूरे राज्य के लोगों की भलाई, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।''

उन्होंने आगे बताया कि इस अवसर पर, मैंने ग्रामीणों के साथ बातचीत की और उनकी स्थानीय समस्याओं को सुना। मैंने 'सखी मंडल' की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी दौरा किया, जहां प्राकृतिक खेती के उत्पाद, खजूर के पत्तों से बनी हस्तकला की वस्तुएं, हर्बल साबुन और पारंपरिक तीर-धनुष प्रदर्शित किए गए थे। मैंने उनकी आत्मनिर्भरता और कौशल की सराहना की।

बाबादेव का यह स्थल आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है। यहां वर्षों से आदिवासी समाज द्वारा बाबादेव की पूजा-अर्चना की जाती है। हर वर्ष अक्षय तृतीया एवं महाशिवरात्रि के पर्व पर यहां बड़े मेले का आयोजन होता है, जबकि श्रावण माह के दौरान प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ते हैं।

आदिवासी समाज में बाबादेव को गांव के रक्षक और सुख-समृद्धि के देवता के रूप में पूजा जाता है। गांव और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा तथा खेती में समृद्धि के लिए भक्त बाबादेव से प्रार्थना करते हैं। यहां मन्नत मांगने और रखने की परंपरा भी देखने को मिलती है।

भुवेरो गांव के पुजारी सोमाभाई डामोर पिछले 25 वर्षों से बाबादेव की नियमित पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जब मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे, तब पुजारी ने पूजा-अर्चना कर बाबादेव के लोकआस्था में महत्व के बारे में जानकारी दी।

रतनमहल के जंगल क्षेत्र में स्थित भुवेरो गांव के बाबादेव मंदिर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ग्रामीणजनों के साथ जमीन पर सहजता और सादगी से बैठकर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की बातें सुनीं और उनके स्थानीय मुद्दों एवं समस्याओं को जाना।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सखी मंडल की बहनों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी दौरा कर बहनों से संवाद किया। स्टॉल पर प्राकृतिक खेती, खजूर के पत्तों से बनाई गई टोकरी, हर्बल साबुन, तीर-कमान जैसी हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गई थीं।

--आईएएनएस

एसके/एबीएम