बेंगलुरु, 13 जुलाई (आईएएनएस)। हाईकोर्ट में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, कर्नाटक हाईकोर्ट ने सीधी भर्ती के तहत ग्रुप-डी के विभिन्न 98 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
कर्नाटक हाईकोर्ट की ओर से जारी 98 रिक्तियों में चपरासी, चौकीदार, स्वीपर, चपरासी (हाउसकीपिंग) के 90 और लिफ्ट अटेंडर के 5, असिस्टेंट बाइंडर, दर्जी और धोबी के 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार कर्नाटक हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 29 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा, मेरिट सूची, इंटरव्यू/और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 19,900 से 69,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य मेरिट/अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी-II(ए)/II(बी)/III(ए)/III(बी) के लिए 200 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी-I/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति के लिए 100 रुपए तय किया गया है।
कैडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कर्नाटक हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम