100 साल के हुए लेफ्टिनेंट कर्नल रामजीलाल कृष्णिया, बताया लंबी उम्र का राज

100 साल के हुए लेफ्टिनेंट कर्नल रामजीलाल कृष्णिया, बताया लंबी उम्र का राज

जयपुर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। लेफ्टिनेंट कर्नल रामजी लाल कृष्णिया (रिटायर्ड) ने जयपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में अपना 100वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर सेना के कई अधिकारी, पूर्व सैनिक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी ने उन्हें शतायु होने पर शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की सराहना की।

लेफ्टिनेंट कर्नल रामजीलाल कृष्णिया (रिटायर्ड) ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अपनी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन का राज साझा किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए कम खाना और नियमित रूप से व्यायाम करना बेहद जरूरी है। लोगों को बाहर के खाने और अधिक मसालेदार भोजन से बचने की सलाह दी। संतुलित खान-पान और नियमित दिनचर्या व्यक्ति को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि जो लोग बीमार हैं या स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, उनके प्रति उनकी पूरी सहानुभूति है। वह चाहते हैं कि सभी लोग बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखें, अच्छे कार्य करें और दूसरों के साथ मिल-जुलकर आगे बढ़ें। ईश्वर से सभी के स्वस्थ और सफल जीवन की कामना भी की।

लेफ्टिनेंट कर्नल कृष्णिया ने बताया कि वह शाकाहारी हैं और उनकी दिनचर्या बेहद अनुशासित है। वह सुबह करीब 4:30 बजे उठते हैं। इसके बाद स्नान कर व्यायाम करते हैं। कसरत के बाद नाश्ता करते हैं और हिंदी तथा अंग्रेजी के अखबार पढ़ते हैं। अखबार और पत्रिकाएं पढ़ना उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या का अहम हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि दोपहर में उनका हेल्पर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच आता है और वह लगभग 3 बजे खाना खाते हैं। इसके बाद करीब एक घंटे आराम करते हैं। शाम 5 बजे उठकर फिर लगभग आधे घंटे व्यायाम करते हैं और इसके बाद बगीचे में टहलते हैं। वह बगीचे में घूमने को भी अपनी नियमित कसरत का हिस्सा मानते हैं।

कृष्णिया ने कहा कि उनके पास खाली समय बहुत कम होता है। वह अपना समय व्यायाम करने, अखबार और पत्रिकाओं पढ़ने में बिताते हैं। रात करीब 9:30 बजे सो जाते हैं और अगले दिन सुबह 4:30 बजे उठकर फिर अपनी दिनचर्या शुरू करते हैं।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि स्वस्थ और लंबा जीवन जीने के लिए मसालेदार भोजन से बचें तथा चीनी और नमक का सेवन भी सीमित करें। उनका मानना है कि अनुशासित जीवनशैली, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम स्वस्थ एवं लंबी उम्र की कुंजी हैं।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी