मैसूर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अगस्त को मैसूर स्थित रामकृष्ण आश्रम में निर्मित विवेकानंद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह जानकारी रामकृष्ण आश्रम के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिदानंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 3:30 बजे मैसूर पहुंचेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, राज्यपाल तथा अनेक गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
स्वामी विवेकानंद वर्ष 1892 में मैसूर प्रवास के दौरान जिस स्थान पर ठहरे थे, उसी स्थान पर यह स्मारक बनाया गया है। प्रधानमंत्री सबसे पहले स्मारक परिसर स्थित शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और अपने हाथों से बेलपत्र का पौधा रोपेंगे। इसके बाद वे स्वामी विवेकानंद के ठहरने वाले कक्ष में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। समय मिलने पर वे कुछ समय वहीं ध्यान भी कर सकते हैं।
इसके बाद प्रधानमंत्री स्मारक का फीता काटकर उसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। फिर विद्यालय की तीसरी मंजिल पर विवेकानंद स्मारक पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री देखेंगे और वहां से रामकृष्ण आश्रम पहुंचेंगे।
रामकृष्ण चिकित्सालय स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में आश्रम के 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन करने के बाद प्रधानमंत्री लगभग 30 मिनट तक युवाओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में 6 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा कारणों से आम जनता को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केवल स्थानीय लोगों, युवाओं और आमंत्रित अतिथियों के लिए पास की व्यवस्था की गई है। स्वामी मुक्तिदानंद ने कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध किया कि वे कम से कम दो घंटे पहले पहुंचें और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।
रामकृष्ण आश्रम की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा निर्मित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की जाएगी। इसके साथ ही उन्हें मैसूर की विशेष पारंपरिक भेंट देकर सम्मानित किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसके/