यूथ टेस्ट: दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 86 रन पर गंवाए 4 विकेट, भारत की पकड़ में मुकाबला

यूथ टेस्ट: दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 86 रन पर गंवाए 4 विकेट, भारत की पकड़ में मुकाबला

अहमदाबाद, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंडिया अंडर-19 ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अपनी पहली पारी में 315 रन बनाने के बाद मेजबानों ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी में 86 रन तक 4 विकेट हासिल कर लिए हैं। दूसरे दिन की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के पास सिर्फ 55 रन की बढ़त है।

चार दिवसीय मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में सिर्फ 174 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 65 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जैकब पीत्ज ने चार्ली हेंडरसन के साथ सातवें विकेट के लिए 70 रन जुटाते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया।

इस पारी में चार्ली हेंडरसन ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि नील पटेल ने 31 रन की पारी खेली। इनके अलावा, जैकब पीत्ज ने 26 रन और पैट्रिक सुलिवन ने 20 रन जोड़े। भारत के लिए तन्मय बलोदा ने 32 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि अयान अकरम ने 2 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 315 रन बनाए। टीम ने 28 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान यशबर्धन चौहान (52) और कुशाग्र ओझा (29) ने तीसरे विकेट के लिए 63 और मनल चौहान (34)-आर्यन यादव (30) ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की।

इसके बाद अभिप्राय बिस्वास ने 13 बाउंड्री के साथ 73 रन, जबकि प्रियांशु सिंह ने नाबाद 30 रन की पारी खेलते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से स्पेंसर ग्रीन ने 110 रन देकर 7 विकेट हासिल किए, जबकि थॉमस वासेओ ने 2 विकेट चटकाए। जैकब पीत्ज को 1 सफलता हाथ लगी।

ऑस्ट्रेलियाई टीम को अपनी दूसरी पारी की शुरुआत में ही झटका लग गया। महज 9 के स्कोर पर हेडन बारबुलोविक (9) आउट हो गए, जिसके बाद नील पटेल (3) और कप्तान मैथ्यू लॉफ (8) भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद एली ब्रेन ने ब्लेक कैटल के साथ चौथे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। ब्रेन 8 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर ब्लेक कैटल (11) और जेड हॉलिक (12) रन बनाकर नाबाद हैं।

दूसरे दिन की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने 26 ओवरों का सामना करते हुए 4 विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं। इस पारी में अब तक सभी चार विकेट तन्मय (26/4) ने अपने नाम किए हैं।

तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप के बाद भारत ने टेस्ट सीरीज के पहले मैच को पारी और 48 रन से अपने नाम किया था।

--आईएएनएस

आरएसजी