विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: खिताबी मैच में मूनी का तूफान, 'प्लेयर ऑफ द मैच' के साथ जीता 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' खिताब

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: खिताबी मैच में मूनी का तूफान, 'प्लेयर ऑफ द मैच' के साथ जीता 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' खिताब

लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी का अहम योगदान रहा। फाइनल मैच में 49 गेंदों में 10 चौकों के साथ 64 रन की पारी खेलने वाली बेथ मूनी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। मूनी ने इस संस्करण के 7 मुकाबलों में 47.60 की औसत के साथ 238 रन बनाए। इसके अलावा, 5 कैच भी लपके। वह सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर रहीं।

रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट खोकर 150 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस बीच मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की।

खिताबी जीत के बाद बेथ मूनी ने कहा, "यह टूर्नामेंट काफी समय से हमारे कैलेंडर में था। सबसे पहले तो टीम का हिस्सा बनना और सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में अपनी भूमिका निभाना मेरे लिए बेहद खास रहा। यहां होना ही रोमांचक है। पिछले 12 महीनों में इस टीम में काफी बदलाव और विकास हुआ है। हमने साथ मिलकर बहुत कुछ सीखा और कई यादगार पल बिताए। आज इस सफर का अंत वर्ल्ड कप जीत के साथ करना बेहद संतोषजनक है।"

पूरे टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के शानदार प्रदर्शन को लेकर मूनी ने कहा, "मेरा मानना है कि हमने पूरे आत्मविश्वास, आजादी और साहस के साथ क्रिकेट खेला। हम सभी ने एक-दूसरे का पूरा साथ दिया और खुद पर भरोसा बनाए रखा। हमारे कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ ने पूरे अभियान के दौरान शानदार काम किया। बीच में कुछ खिलाड़ियों को हल्की-फुल्की चोटें आईं, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में हमारे पास पूरी टीम उपलब्ध थी, जो बेहद महत्वपूर्ण रहा। पिछले साढ़े पांच सप्ताह से हम लगातार यात्रा कर रहे हैं। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से फैंस इंग्लैंड आकर हमारा समर्थन कर रहे थे। हमने यहां उनके प्यार और समर्थन को पूरी तरह महसूस किया।"

सोफी मोलिनक्स के नेतृत्व को लेकर मूनी ने कहा, "सोफी बेहद शांत और संयमित रहती हैं और मुश्किल परिस्थितियों में भी घबराती नहीं हैं। उन्होंने कप्तानी में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह लंबे समय से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की बेहतरीन लीडर रही हैं, लेकिन शायद लोगों को इसे करीब से देखने का मौका नहीं मिला था। अब हमें उनके साथ खेलने का सौभाग्य मिला है। पूरी टीम ने उनका भरपूर साथ दिया और इस विश्व कप खिताब के साथ उनके नेतृत्व को शानदार सम्मान मिला। यह हमारे लिए यादगार टूर्नामेंट का सबसे खूबसूरत अंत है।"

--आईएएनएस

आरएसजी