विमेंस एशिया कप: बांग्लादेश ने टॉस जीता, सेमीफाइनल में भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता

विमेंस एशिया कप: बांग्लादेश ने टॉस जीता, सेमीफाइनल में भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता

दुबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल क्रिकेटर स्टेडियम में जारी सेमीफाइनल-1 में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर 13 सितंबर को खेले जाने वाले फाइनल मैच का टिकट हासिल करना चाहेंगी।

गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतने के बाद बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे गेंदबाजों को पिच का फायदा मिले। हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हमारी अच्छी यादें जुड़ी हैं। यह आखिरी गेम हो भी सकता है और नहीं भी, लेकिन हम अच्छा खेलना और अपनी योजना को सही ढंग से लागू करना चाहते हैं। हम भारत को कम स्कोर पर रोकना चाहते हैं।"

वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "हमने पहले बल्लेबाजी करने के बारे में सोचा था। खुशी है कि हमें मौका मिला। टी20 ऐसा गेम है, जिसमें आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। हम उसी टीम के खिलाफ खेल रहे हैं। हम देखेंगे कि पावरप्ले कैसा रहता है और फिर तय करेंगे कि गेम में आगे कैसे खेलना है।"

भारत विमेंस एशिया कप 2026 के शुरुआती तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचा है। भारत ने थाईलैंड के विरुद्ध 94 रन से जीत हासिल की थी, जिसके बाद हांगकांग, चीन के खिलाफ मुकाबला 137 रन से जीता। इसके बाद 'विमेन इन ब्लू' ने पाकिस्तान के विरुद्ध 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए 'ग्रुप-ए' में शीर्ष पायदान बरकरार रखा।

वहीं, बांग्लादेश ने इंडोनेशिया के खिलाफ अपना पहला मैच 71 रन से जीता था, लेकिन इसके बाद श्रीलंका के विरुद्ध 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यूएई के खिलाफ 34 रन से जीत हासिल करते हुए बांग्लादेश ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

दोनों देशों के बीच अब तक कुल 24 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने 21 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि बांग्लादेश ने 3 मैच जीते हैं।

भारत की प्लेइंग इलेवन: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।

बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, शोभना मोस्तरी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शर्मिन अख्तर, शोर्ना अख्तर, फहिमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर।

--आईएएनएस

आरएसजी