मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लेकर बंगाली फिल्मों के अभिनेता देव की प्रतिक्रिया सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से लंबे समय से जुड़े देव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बधाई देते हुए नई सरकार से बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में प्रतिबंधों की संस्कृति समाप्त करने की अपील के साथ ही कलात्मक स्वतंत्रता की उम्मीद जताई।
देव लंबे समय से ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। वहीं, चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद कई सिनेमा हस्तियों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। देव ने स्पष्ट रूप से कलाकारों को रचनात्मक स्वतंत्रता दिए जाने और राज्य में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई है।
अभिनेता देव ने फेसबुक पर लिखा, “बंगाल में नई सरकार बनाने का जनादेश मिलने पर भाजपा को बधाई। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह सरकार हमारे राज्य की प्रगति, शांति और विकास के लिए काम करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि लोगों की आवाज सुनी जाए।”
देव ने आगे लिखा, “सार्वजनिक जीवन और फिल्म जगत दोनों से जुड़े होने के नाते, मैं नई सरकार से विनम्र अनुरोध करता हूं कि वह एकता और कलात्मक स्वतंत्रता की भावना को बनाए रखे। बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के भीतर प्रतिबंधों और विभाजन की संस्कृति अब अतीत की बात बन जाए।”
उन्होंने कहा कि सिनेमा बंगाल की सबसे बड़ी पहचानों में से एक है। इसका विकास आपसी सम्मान, सह-अस्तित्व और सामूहिक प्रगति से ही संभव है। देव ने नई सरकार से घाटाल मास्टर प्लान को पूरा करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने लिखा, “मैं घाटाल मास्टर प्लान को पूरा करने में नई सरकार के समर्थन और सहयोग की उम्मीद करता हूं। यह घाटाल के लोगों का लंबे समय से संजोया सपना है। राजनीति से परे, यह लोगों की जान बचाने, आजीविका सुरक्षित करने और उन्हें बेहतर भविष्य देने का मुद्दा है।”
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम