पश्चिम बंगाल 10वीं बोर्ड रिजल्ट घोषित: 86.83 प्रतिशत स्टूडेंट्ल उत्तीर्ण, टॉप 10 में 131 छात्रों ने बनाई जगह

पश्चिम बंगाल 10वीं बोर्ड रिजल्ट घोषित: 86.83 प्रतिशत स्टूडेंट्ल उत्तीर्ण, टॉप 10 में 131 छात्रों ने बनाई जगह

कोलकाता, 8 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीबीएसई) ने शुक्रवार को कक्षा 10वीं (माध्यमिक) बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। पश्चिम बंगाल बोर्ड की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, इस वर्ष कुल 86.83 प्रतिशत छात्रों ने बोर्ड की परीक्षा में सफलता हासिल की है।

ऐसे में जिन छात्र-छात्राओं ने इस बोर्ड की परीक्षाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी और रिजल्ट जारी होने का इंतजार कर रहे थे, वे अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा डिजिलॉकर ऐप पर जाकर अपने मार्क्स चेक कर सकते हैं।

पश्चिम बंगाल 10वीं बोर्ड की परीक्षा में इस वर्ष कुल 131 छात्रों ने टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। इनमें 103 लड़के और 20 लड़कियां हैं। वहीं, परीक्षा में शामिल कुल छात्रों में से केवल 1.46 प्रतिशत से ज्यादा उम्मीदवारों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इस वर्ष पश्चिम बंगाल माध्यमिक बोर्ड परीक्षा में लड़कों ने लड़कियों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है।

टॉपर्स की बात करें तो 99.71 प्रतिशत के साथ अभिनव भद्रा ने पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर प्रियतोष मुखर्जी है, जिन्होंने 99.43 फीसदी अंक हासिल किए हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर तीन छात्रों ने 99.29 प्रतिशत नंबर के साथ अपनी जगह बनाई है, उनमें अंकन कुमार, सौर्य जाना, और मैनाक मंडल के नाम शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल 10वीं बोर्ड परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डब्ल्यूबीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद 'मध्यमा परीक्षा (एसई) परिणाम - वर्ष 2026' लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक नया पेज खुलेगा, वहां रोल नंबर और डेट ऑफ बर्थ दर्ज करें। इसके बाद रिजल्ट स्क्रीन पर खुल जाएगा। नतीजे को चेक करने के बाद मार्कशीट डाउनलोड कर लें। भविष्य के लिए मार्कशीट का प्रिंट आउट भी निकालकर रख लें।

बता दें कि इस वर्ष पश्चिम बंगाल 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 2 फरवरी से 12 फरवरी के बीच राज्य भर में 2,500 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं, जिसमें लगभग 9.71 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। वहीं, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष का परिणाम थोड़ा बेहतर रहा है। लास्ट ईयर माध्यमिक परीक्षा में छात्रों का कुल पासिंग प्रसिशत 86.56 फीसदी रहा था।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम