'नीदरलैंड का जल प्रबंधन सीखने लायक', गुजरात सीएम ने पीएम मोदी की यात्रा को सराहा

'नीदरलैंड का जल प्रबंधन सीखने लायक', गुजरात सीएम ने पीएम मोदी की यात्रा को सराहा

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की आधिकारिक यात्रा पर हैं। पीएम मोदी ने नीदरलैंड में प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ कई समझौतों पर बातचीत की। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पीएम मोदी की नीदरलैंड में उनके समकक्ष रॉब जेटेन के साथ की कई तस्वीरें शेयर की हैं।

भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ नीदरलैंड के प्रतिष्ठित अफ्सलाउटडाइक डैम की यात्रा जल प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता और सतत अवसंरचना के क्षेत्र में भारत-नीदरलैंड सहयोग को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि गुजरात की दूरदर्शी कल्पसर परियोजना पर तकनीकी सहयोग के लिए भारत के जल शक्ति मंत्रालय और नीदरलैंड के अवसंरचना एवं जल प्रबंधन मंत्रालय के बीच आशय पत्र पर हस्ताक्षर एक ऐतिहासिक घटनाक्रम है। यह सहयोग गुजरात में उन्नत जल इंजीनियरिंग, मीठे पानी के संरक्षण, बाढ़ प्रबंधन और एकीकृत अवसंरचना विकास के लिए नए अवसर खोलेगा।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि अफ्सलाउटडाइक जल अभियांत्रिकी के क्षेत्र में एक वैश्विक मिसाल है, जो नवाचार और दूरदर्शी सोच के माध्यम से चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित करता है। गुजरात की महत्वाकांक्षी कल्पसर परियोजना भी इसी प्रकार खंभात की खाड़ी के पार एक विशाल मीठे पानी का जलाशय बनाने की परिकल्पना करती है, जिससे सिंचाई, जल सुरक्षा, ज्वारीय ऊर्जा, संपर्क और क्षेत्रीय विकास में व्यापक लाभ प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि भारत के विकास पथ को गति देने के लिए वैश्विक विशेषज्ञता, भविष्योन्मुखी प्रौद्योगिकियों और परिवर्तनकारी साझेदारियों को निरंतर लाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति हम कृतज्ञ हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत आने वाली पीढ़ियों के लिए जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीला और जल-सुरक्षित भविष्य बनाने के लिए विश्व स्तरीय नवाचार को अपना रहा है।

--आईएएनएस

एमएस/एबीएम