विपक्ष की सोच सिर्फ घर की बहन-बेटी तक सीमित, गरीब परिवार की महिलाओं को सांसद नहीं देखना चाहते : सम्राट चौधरी

विपक्ष की सोच सिर्फ घर की बहन-बेटी तक सीमित, गरीब परिवार की महिलाओं को सांसद नहीं देखना चाहते : सम्राट चौधरी

‎पटना, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पारित नहीं होने पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे नारी शक्ति का अपमान हुआ है। लोकतंत्र के इतिहास में यह पहली घटना थी जब कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी के लोग इस मौके पर खुशी मना रहे थे।

‎भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विपक्ष की सोच रही है कि हमारे घर की बहन और बेटी तो सांसद बन जाएं, लेकिन गरीबों के परिवार का कोई महिला सदस्य नहीं बने। राहुल गांधी की बहन सांसद बन सकती है, अखिलेश सिंह यादव की पत्नी सांसद बन सकती है, लेकिन यूपी से एक तिहाई सीट पर महिलाएं चुनाव जीत कर जाएं, यह कांग्रेस नहीं स्वीकार कर सकती है।‎

‎उन्होंने कहा कि वह ऐतिहासिक दिन था। संविधान संशोधन के लिए विधेयक लाया गया। तीन बिल लाए गए और तीनों का विरोध किया गया। यह स्पष्ट संदेश देता है कि अगर यह बिल पारित हो जाता तो बिहार जैसे राज्य में कम से कम 122 महिला विधायक होती। आज विधानसभा में मात्र 29 महिला ही विधायक हैं। ‎

‎मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार ने लगातार महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। बिहार में जब एनडीए की सरकार बनी तो पंचायत और नगर निकाय के चुनाव में 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने का काम किया गया। आज बिहार में 50 प्रतिशत आरक्षण है, लेकिन 59 प्रतिशत से अधिक महिलाएं चुनाव जीत रही हैं।‎

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार यह भरोसा देने का भी काम कर रही थी कि बिल के माध्यम से 543 सांसदों की जगह पर 816 सांसद होते, जिसमें से 272 सांसद महिलाएं होतीं और देश में राज करतीं। लेकिन, दुर्भाग्य है कि इस देश में ऐसे विरोधी हैं जिन्हें हिंदुस्तान की नहीं बाहर की चिंता है। ‎कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, सपा और राजद को इस विरोध का जवाब जनता को देना पड़ेगा।

उन्होंने साफ लहजे में कहा कि कांग्रेस ने देश में कभी भी किसी वर्ग को आरक्षण देने का काम नहीं किया। जब भी आरक्षण दिया गया है तब भाजपा ने समर्थन देने का काम किया। उन्होंने कहा कि न कभी लालू यादव ने और न ही कांग्रेस ने आरक्षण दिया। ‎ ‎

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू ने दलित, आदिवासी को आरक्षण नहीं मिले इसके लिए अभियान चलाने का काम किया। ‎आज जो देश की महिलाओं के साथ धोखा हुआ है, उसके खिलाफ एनडीए एकजुट होकर देश में अभियान चलाएगी और उनसे जवाब भी मांगेगी।

‎--आईएएनएस

‎एमएनपी/एसके