मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना की 80वीं जयंती पर फैंस ने सोशल मीडिया पर उनके पुराने फिल्मों के सीन और गाने शेयर कर उन्हें याद किया। इसी बीच एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स यूजर ने विनोद खन्ना और अभिनेत्री सिमी गरेवाल की फिल्म 'हाथ की सफाई' के लोकप्रिय गाने 'वादा कर ले सजना' की एक क्लिप शेयर की। इस वीडियो में दोनों कलाकार साथ नजर आ रहे हैं।
पोस्ट को सिमी गरेवाल ने भी रीशेयर किया और विनोद खन्ना से जुड़ी अपनी खास याद को फैंस के साथ साझा किया।
यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए सिमी गरेवाल को टैग किया और लिखा, ''सिमी गरेवाल मैम, आपके को-स्टार विनोद खन्ना अगर जिंदा होते, तो 80 साल के होते। आप दोनों की यह एक शानदार याद है।'' इस पोस्ट को रीशेयर करते हुए सिमी गरेवाल ने विनोद खन्ना के साथ अपने रिश्ते को याद किया। उन्होंने लिखा, ''धन्यवाद। मुझे उनकी याद आती है। विनोद मेरे को-स्टार, मेरे पड़ोसी और मेरे दोस्त थे।''
बता दें कि विनोद खन्ना और सिमी गरेवाल ने 1974 में रिलीज हुई फिल्म 'हाथ की सफाई' में साथ काम किया था। फिल्म का निर्देशन प्रकाश मेहरा ने किया था, जबकि इसकी कहानी सलीम-जावेद की जोड़ी ने लिखी थी। फिल्म में विनोद खन्ना और सिमी गरेवाल के अलावा हेमा मालिनी और रणधीर कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। रंजीत और सत्येन कप्पू भी फिल्म का हिस्सा थे।
'हाथ की सफाई' एक क्राइम-ड्रामा फिल्म थी, जिसमें दो भाइयों की कहानी दिखाई गई थी, जो बचपन में एक-दूसरे से बिछड़ जाते हैं। विनोद खन्ना ने फिल्म में शंकर का किरदार निभाया था, जो आगे चलकर कुमार साहब के नाम से अपराध की दुनिया में पहुंच जाता है। वहीं रणधीर कपूर ने राजू का किरदार निभाया था, जो अलग परिस्थितियों में बड़ा होकर जेबकतरे का काम करने लगता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ दोनों भाइयों की जिंदगी एक-दूसरे से दोबारा जुड़ती है।
फिल्म में सिमी गरेवाल ने रोमा का किरदार निभाया था, जो शंकर की पत्नी हैं। हेमा मालिनी ने कामिनी का किरदार निभाया था। उस दौर की फिल्मों की तरह इसमें भी एक्शन, इमोशन और रोमांस देखने को मिला था।
'हाथ की सफाई' का संगीत कल्याणजी-आनंदजी ने तैयार किया था और इसके गाने गुलशन बावरा ने लिखे थे। फिल्म का सबसे चर्चित गाना 'वादा कर ले साजना तेरे बिना' रहा, जिसे मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी। यह गाना आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
--आईएएनएस
पीके/एएस