वाराणसी गंगा इफ्तार विवाद पर भड़के विनोद बंसल, कहा- हिंदू आस्था पर हमला बर्दाश्त नहीं

वाराणसी गंगा इफ्तार विवाद पर भड़के विनोद बंसल, बोले-हिंदू आस्था पर हमला बर्दाश्त नहीं

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने वाराणसी में गंगा नदी पर एक नाव में हुए इफ्तार को लेकर जारी विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्‍होंने कहा कि यह घटना सीधे तौर पर हिंदुओं की आस्था, विश्वास और संस्कृति पर हमला है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि गंगा के पवित्र जल को कुछ इस्लामी चरमपंथी तत्वों द्वारा अपवित्र करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इन तत्वों ने न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि उपवास जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भी बाधा डालने का प्रयास किया है। उनके अनुसार, नदी में चढ़ावा फेंकने और भड़काऊ वीडियो प्रसारित करने जैसी घटनाएं एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज को उकसाना है।

विनोद बंसल ने कहा कि ऐसी घटनाएं सीधे तौर पर हिंदुओं की आस्था, विश्वास और संस्कृति पर हमला हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कृत्य तथाकथित 'जिहादी षड्यंत्र' के तहत किए जा रहे हैं और इनके पीछे संगठित गिरोह सक्रिय हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के उपद्रवी तत्वों की वजह से हिंदू समाज को कई बार मजबूरी में यह मांग करनी पड़ती है कि गंगा तटों, मंदिरों के आसपास और धार्मिक यात्राओं के दौरान ऐसे लोगों की गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रखा जाए। पवित्र स्थलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की मौजूदगी धार्मिक माहौल को प्रभावित करती है, जिसे रोकना आवश्यक है।

प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सराहनीय कदम है। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ इस्लामिक संगठनों और तथाकथित सेक्युलर नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सोचने का विषय है कि ऐसे मामलों में कुछ संगठन और राजनीतिक दल खुलकर विरोध क्यों नहीं करते।

विनोद बंसल ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने ऐसे तत्वों के प्रति सहानुभूति दिखाई है। उन्होंने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि कुछ सेक्युलर नेता अप्रत्यक्ष रूप से इन तत्वों को समर्थन दे रहे हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम