मसूरी, 14 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी जिंदगी की एक नई पारी शुरू की है। कुलदीप ने शनिवार को उत्तराखंड के मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से शादी रचाई।
भारत के कुछ बड़े क्रिकेट स्टार इस शादी में शामिल हुए, जिनमें भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा और युजवेंद्र चहल का नाम है।
भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में शादी की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "अपने जीवन के प्यार से कुलदीप यादव को शादी करते देखकर बहुत खुशी हुई। आप दोनों को जिंदगी भर प्यार, हंसी और ढेर सारा आशीर्वाद मिले। बधाई हो।"
कानपुर के रहने वाले इस जोड़े ने 4 जून 2025 को लखनऊ में एक निजी समारोह में सगाई की थी। वंशिका ने अपनी स्कूलिंग कानपुर से की, जिसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न चली गईं। वंशिका भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में कार्यरत हैं। दोनों की शादी पहले नवंबर 2025 में तय हुई थी, लेकिन वर्ल्ड कप की वजह से इसे टाल दिया गया।
कुलदीप उस भारतीय टीम के अहम सदस्य हैं, जिसने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था। कुलदीप यादव ने इस विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ एकमात्र मैच खेला था, जिसमें 3 ओवरों में 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
बाएं हाथ के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने भारत की ओर से अब तक कुल 17 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 22.42 की औसत के साथ 76 विकेट हासिल किए। इसके अलावा, 120 वनडे मुकाबलों में कुलदीप यादव के नाम 194 विकेट हैं। इस गेंदबाज ने भारत की तरफ से 54 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 95 विकेट निकाले। कुलदीप अपने करियर में 98 आईपीएल मैच खेल चुके हैं, जिसमें 102 विकेट प्राप्त किए।
--आईएएनएस
आरएसजी