वैलेंटाइन वीक से पहले रोमांस का जादू, शाहिद और तृप्ति पर चढ़ा अरिजीत के 'इश्क का फीवर'

वैलेंटाइन वीक से पहले रोमांस का जादू, शाहिद और तृप्ति पर चढ़ा अरिजीत का 'इश्क का फीवर'

मुंबई, 2 फरवरी (आईएएनएस)। साजिद नाडियाडवाला और विशाल भारद्वाज की फिल्म 'ओ रोमियो' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब इस कड़ी में मेकर्स ने नया गाना 'इश्क का फीवर' रिलीज कर दिया है। इस गाने को अरिजीत सिंह ने गाया है।

कुछ दिनों पहले ही अरिजीत ने घोषणा की थी कि अब वह प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं। इस फैसले के बीच अरिजीत का नया गाना उनके चाहने वालों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।

गाने में म्यूजिक कंपोज विशाल भारद्वाज ने किया है। वहीं, इसके बोल गुलजार ने लिखे हैं। गाने की शुरुआत में फरीदा जलाल की एक दमदार लाइन सुनाई देती है, जो धीरे-धीरे एक मधुर और रोमांटिक धुन में बदल जाती है। इसके बाद शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री गाने के इमोशन्स को और गहरा बना देती है। यह गाना धीरे-धीरे दिल में उतरता है।

'इश्क का फीवर' टी सीरीज के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है। अरिजीत सिंह की आवाज में यह गाना वैलेंटाइन वीक के लिए एकदम परफेक्ट है, क्योंकि इसमें रोमांस धीरे-धीरे बढ़ता है और दर्शकों को प्यार का एहसास कराता है। इस गाने को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

फिल्म 'ओ रोमियो' की बात करें तो, इसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, तमन्‍ना भाटिया और फरीदा जलाल जैसी प्रमुख हस्तियां हैं। यह फिल्म हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' पर आधारित है। फिल्म में शाहिद ने एक माफिया डॉन हुसैन उस्तरा का रोल किया है। वहीं, सपना उर्फ सपना दीदी के रोल में तृप्ति डिमरी नजर आ रही हैं।

फिल्म का हाल ही में एक गाना 'हम तो तेरे ही लिए' रिलीज किया गया था, जिसमें सपना और हुसैन उस्तरा के बीच रोमांस दिखाया गया।

फिल्म को साजिद नाडियाडवाला प्रस्तुत कर रहे हैं, इसका निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है और प्रोडक्शन नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की तरफ से है।

फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम