लखनऊ, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी लखनऊ में हाई अलर्ट के बीच प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। ऐशबाग ईदगाह पर 50 हजार से अधिक नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की, जिससे पूरा इलाका इबादत और भाईचारे के माहौल में सराबोर नजर आया।
राजधानी लखनऊ में टीले वाली मस्जिद, इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद, ऐशबाग ईदगाह, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जा रही। कंट्रोल रूम से भी निगरानी हो रही है। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। पुराने लखनऊ क्षेत्र को विशेष रूप से हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 21 मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी ऐशबाग ईदगाह पहुंचे और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने नमाज से पहले लोगों से अपील की कि वे निर्धारित स्थानों पर ही नमाज अदा करें और सड़कों पर इबादत करने से बचें। उन्होंने सभी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ की।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। ऐशबाग ईदगाह सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में नमाजियों की मौजूदगी देखने को मिली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश व प्रदेशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि रमजान माह के उपरांत मनाया जाने वाला यह पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-फ़ितर के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद-उल-फ़ितर का त्यौहार खुशी और मेल-मिलाप का सन्देश लेकर आता है। खुशियों का यह त्यौहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही, आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ईद के पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि रमज़ान के मुबारक/पवित्र महीने में एक महीने का रोज़ा और तरावीह आदि की इबादतों के बाद आज ईद-उल-फितर त्योहार के ख़ुशी की उत्तर प्रदेश व समस्त देशवासियों में भी ख़ासकर देश एवं दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय मुसलमान परिवारों को मेरी दिली मुबारकबाद तथा अन्य भारतीयों के साथ-साथ उन सभी के लिए भी अच्छी ज़िन्दगी की शुभकामनाएं, जिसकी गारंटी बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के भारतीय संविधान ने सभी नागरिकों को दी है। सभी लोग आपसी मेलजोल, भाईचारा, सौहार्द, संयम व सहनशीलता की परम्परा को बनाए रखने में अपना पूरा योगदान दें, ताकि देश में समतामूलक विकास की बात आगे बढ़े और यहाँ देश की ख़ुशी एवं खुशहाली में सभी लोग उसके हिस्सेदार बनकर उस पर गर्व करें।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी देश व प्रदेशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेशवासियों को ईद की बधाई दी है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को रमजान के 30वें रोजे के बाद चांद नजर आने की पुष्टि हुई, जिसके बाद शनिवार को ईद मनाने का ऐलान किया गया। इससे पहले गुरुवार को 29 रमजान के दिन चांद दिखाई नहीं दिया था। ईद के मौके पर शहर के प्रमुख बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। अमीनाबाद, चौक, नक्खास और हजरतगंज जैसे इलाकों में देर रात तक खरीदारी का दौर चलता रहा। कपड़े, जूते, सेवइयों और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, खासकर बच्चों और युवाओं में उत्साह देखने लायक रहा।
प्रशासन की ओर से ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ईद-उल-फितर के अवसर पर लोग एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दे रहे हैं और जरूरतमंदों की मदद कर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/एएस