यूएस में फायरिंग के आरोपी के मेनिफेस्टो को लेकर अमेरिकी एंकर ने पूछा सवाल, भड़के ट्रंप

यूएस में फायरिंग के आरोपी के मेनिफेस्टो को लेकर अमेरिकी एंकर ने पूछा सवाल तो भड़के ट्रंप, बोले- मैं रेपिस्ट नहीं हूं...

वॉशिंगटन, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के व्हाइट हाउस कॉरेंसपोंडेंट डिनर के दौरान हुई फायरिंग का आरोपी पकड़ा जा चुका है, जिसकी पहचान टॉरेंस, कैलिफोर्निया के एक 31 साल के टीचर के रूप में हुई है। उसने हमले से कुछ मिनट पहले अपने परिवार को एक ईमेल भेजा था, जिसे एक सीनियर अधिकारी ने 'मेनिफेस्टो' कहा है। मेनिफेस्टो में उसने लिखा था कि वह ट्रंप सरकार के सदस्यों को टारगेट कर रहा था।

इस सिलसिले में 60 मिनट्स इंटरव्यू के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस घटना के बारे में और आरोपी के मेनिफेस्टो के बारे में बात की। बातचीत के दौरान एंकर नोरा ओ'डॉनेल ने मेनिफेस्टो की चर्चा की, जिसपर अमेरिकी राष्ट्रपति भड़क उठे।

नोरा ने पूछा कि यह तथाकथित मेनिफेस्टो पढ़ने में बहुत हैरान करने वाली चीज है। ऐसा लगता है कि उन्होंने इसमें एक मकसद का जिक्र किया है। उन्होंने यह कोट लिखा है, "सरकार के अधिकारी, वे टारगेट हैं।" और उन्होंने यह भी लिखा है, "मैं अब किसी पीडोफाइल, रेपिस्ट और देशद्रोही को अपने हाथ अपने जुर्मों से रंगने की इजाजत नहीं दूंगा। इस पर आपका क्या रिएक्शन है?"

सवाल सुनते ही अमेरिकी राष्ट्रपति भड़क उठे और कहा, "मैं इंतजार कर रहा था कि आप इसे पढ़ो क्योंकि मुझे पता था कि आप इसे पढ़ोगे क्योंकि आप बहुत बुरे लोग हो। बहुत बुरे लोग। हां, उसने यह लिखा था। मैं रेपिस्ट नहीं हूं। मैंने किसी का रेप नहीं किया।"

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "मैं पीडोफाइल नहीं हूं। आपने किसी बीमार इंसान से वो बकवास पढ़ी? मैं उन सब चीजों से जुड़ गया जिनका मुझसे कोई लेना-देना नहीं था। मैं पूरी तरह से बरी हो गया था। दूसरी तरफ आपके दोस्त वो हैं जो, मान लो, एपस्टीन या दूसरी चीजों में शामिल थे। वह एक बीमार इंसान है। लेकिन आपको इसे पढ़कर शर्म आनी चाहिए क्योंकि मैं उनमें से कोई नहीं हूं।"

अमेरिकी न्यूज एंकर ने इस पर कहा कि यह उनके शब्द नहीं हैं, यह आरोपी के शब्द हैं। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि आपको 60 मिनट्स पर यह नहीं पढ़ना चाहिए। आप बदनाम हो। लेकिन आगे बढ़ो। चलो इंटरव्यू खत्म करते हैं।

--आईएएनएस

केके/एबीएम