यूसीएसएल में डिप्टी मैनेजर समेत 7 पदों पर भर्ती जारी, आवेदन की अंतिम तिथि 12 मई

यूसीएसएल में डिप्टी मैनेजर समेत 7 पदों पर भर्ती जारी, आवेदन की अंतिम तिथि 12 मई

बेंगलूरु, 7 मई (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए उडुपी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (यूसीएसएल) ने अपने विभिन्न विभागों में एग्जीक्यूटिव के अलग-अलग कुल 7 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

यूसीएसएल ने जिन 7 रिक्त पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, उनमें असिस्टेंट जनरल मैनेजर (कॉन्ट्रैक्ट सेल), डिप्टी मैनेजर (पेंटिंग), डिप्टी मैनेजर (कॉन्ट्रैक्ट सेल), डिप्टी मैनेजर (मशीनरी डिजाइन), और डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रिकल डिजाइन) के 1-1; और डिप्टी मैनेजर (गुणवत्ता नियंत्रण) के 2 पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल, मरीन, नेवल आर्किटेक्चर, या केमिकल इंजीनियरिंग में प्रथम श्रेणी की डिग्री या समकक्ष डिप्लोमा के साथ प्रासंगिक क्षेत्र में तय सालों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु असिस्टेंट जनरल मैनेजर पद के लिए 55 वर्ष और डिप्टी मैनेजर पद के लिए 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन संबंधित कार्य/क्षेत्र में अनुभव, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन, समूह चर्चा, पर्सनल इंटरव्यू, और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी असिस्टेंट जनरल मैनेजर पद के लिए 80,000 से 2,20,000 रुपए और डिप्टी मैनेजर पद के लिए 50,000 से 1,60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (ग्रुप-ए) के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जाति/दिव्यांग श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूसीएसएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम