इस्लामाबाद, 18 मई (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात के बराक न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट पर ड्रोन से हमला हुआ। इस हमले की पाकिस्तान और जर्मनी समेत दुनिया के तमाम देशों ने कड़ी निंदा की है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने यूएई के ऊपर हुए इस हमले की निंदा करते हुए अपना समर्थन जताया और बातचीत के जरिए मामले का हल निकालने की अपील की।
वहीं, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की और ईरान से अमेरिका के साथ गंभीर बातचीत करने की सलाह दी।
पीएम शहबाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान संयुक्त अरब अमीरात में बराक न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की कड़ी निंदा करता है। हम यूएई के नेतृत्व और भाईचारे वाले लोगों के साथ पूरी तरह खड़े हैं। हम सभी पार्टियों से ज्यादा से ज्यादा संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की अपील करते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "बातचीत और कूटनीति ही इलाके में लंबे समय तक शांति, स्थिरता और तनाव कम करने का एकमात्र सही रास्ता है।"
वहीं, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने एक्स पर लिखा, "हम संयुक्त अरब अमीरात और दूसरे साझेदारों के खिलाफ ईरान के नए एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा करते हैं। न्यूक्लियर सुविधाओं पर हमले पूरे इलाके में लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। हिंसा और नहीं बढ़नी चाहिए।"
जर्मन चांसलर ने ईरान को अमेरिका के साथ गंभीर रूप से बातचीत करने की सलाह दी। मर्ज ने कहा, "ईरान को अमेरिका के साथ गंभीर बातचीत करनी चाहिए, अपने पड़ोसियों को धमकाना बंद करना चाहिए और बिना किसी रोक-टोक के होर्मुज स्ट्रेट को खोलना चाहिए।"
कतर और कुवैत ने भी यूएई पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए अपना समर्थन जताया। इसके अलावा सऊदी अरब ने तीन संदिग्ध ड्रोन को अपने एयर डिफेंस सिस्टम से मार गिराने का दावा किया है।
--आईएएनएस
केके/एबीएम