तिरुवनंतपुरम, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन बनाने में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की अहम भूमिका रही है। सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे हैं। वह केरल से संबंध रखते हैं। विश्व कप में उनके यादगार प्रदर्शन के बाद पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली केरल सरकार ने संजू सैमसन का शानदार स्वागत करने का निर्णय लिया है।
राज्य के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने सोमवार को घोषणा की कि भारतीय टीम को टी20 विश्व कप फाइनल में शानदार जीत दिलाने वाले इस क्रिकेटर का राज्य सरकार सम्मान करेगी।
मंत्री शिवनकुट्टी ने कहा कि राज्य सैमसन की कामयाबी का जश्न इस तरह मनाना चाहता है। सैमसन केरल के लिए गर्व का विषय है। सैमसन की कामयाबी ने राज्य भर के हजारों युवा क्रिकेटरों को प्रेरित किया है।
अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में होने वाले रिसेप्शन में भारी भीड़ आने की उम्मीद है, जिससे यह इवेंट न केवल भारत की वर्ल्ड कप जीत का जश्न बन जाएगा, बल्कि केरल के खेल जगत के सबसे प्यारे बेटों में से एक का भी जश्न बन जाएगा।
संजू सैमसन टी20 विश्व कप 2026 में शुरुआती मैचों का हिस्सा नहीं थे। ग्रुप मैचों में उन्हें सिर्फ 1 मैच खेलने का मौका मिला था। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में उन्हें खेलने का मौका मिला। इस मैच में उन्होंने 15 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल जैसे मुकाबले में 50 गेंद पर नाबाद 97 रन की पारी खेल भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 42 गेंदों पर 89 और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंदों पर 89 रन की पारी खेल भारत को विश्व कप जिताने में यादगार भूमिका निभाई। सैमसन ने 5 मैचों में 321 रन बनाए और एक टी20 विश्व कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
केरल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए, सैमसन का वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन सिर्फ एक खेल की कामयाबी से कहीं ज्यादा है। यह एक स्थानीय लड़के की कहानी है जो तिरुवनंतपुरम के तटीय इलाकों से निकलकर वैश्विक क्रिकेट के मंच पर पहुंचा और चमका।
--आईएएनएस
पीएके