अहमदाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय थी। फाइनल में अभिषेक ने अपनी खराब फॉर्म को पीछे छोड़ा और इस विश्व कप का सबसे तेज अर्धशतक लगाते हुए टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। अभिषेक ने अपनी पारी के लिए शिवम दुबे को धन्यवाद कहा है।
मैच के बाद रिपोर्टरों से बात करते हुए अभिषेक ने कहा, "मैंने शिवम दुबे के बैट से बल्लेबाजी की, इसके लिए धन्यवाद दुबे। सुबह, मुझे कुछ अलग करने का मन किया। शुभमन (गिल) आस-पास नहीं थे, इसलिए मैं दुबे के पास गया और उनका बल्ला उठाया।"
विश्व कप में अपनी असफलता का जिक्र करते हुए अभिषेक ने कहा, "मैं लगभग डेढ़ साल तक ड्रीम रन बनाने के बाद पिछले एक महीने में खराब दौर से गुजरा हूं। ऐसी सिचुएशन में सपोर्ट बहुत मायने रखती है। अगर आपके आस-पास के लोग आपको बेहतर बनने में मदद करना चाहते हैं, तो इससे बहुत फर्क पड़ता है। जब मैं बैट से योगदान नहीं कर रहा था, तब भी टीम में सभी को मुझ पर भरोसा था। वे कहते रहते थे, ‘वह कर देगा।' मैंने कभी अपने टीममेट्स, कोच या सपोर्ट स्टाफ पर शक नहीं किया।"
विश्व कप के लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाया था, लेकिन उसके बाद फिर से उनके बल्ले से रन नहीं आ रहे थे। फाइनल में अभिषेक शर्मा के लिए ऑलराउंडर शिवम दुबे का बल्ला लकी साबित हुआ। फाइनल जैसे अहम मैच में अभिषेक ने मात्र 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाते हुए 21 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। टी20 विश्व कप 2026 का यह सबसे तेज अर्धशतक था। अभिषेक की पारी ने भारत को तेज शुरुआत दी और बड़े स्कोर की नींव रखी।
--आईएएनएस
पीएके