सूर्या स्टारर 'करुप्पु' की सफलता से गदगद आरजे बालाजी, दर्शकों व थिएटर मालिकों से की खास अपील

सूर्या स्टारर 'करुप्पु' की सफलता से गदगद आरजे बालाजी, दर्शकों व थिएटर मालिकों से की खास अपील

चेन्नई, 18 मई (आईएएनएस)। सिनेमाघरों में 14 मई को रिलीज हुई एक्टर सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। इस बीच बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही फिल्म के निर्देशक आरजे बालाजी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दर्शकों और थिएटर स्टाफ से खास अपील की है।

उन्होंने कहा कि फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान अगर कोई दर्शक बहुत उत्साहित नजर आए तो उसके साथ नरमी, दया और सम्मान से व्यवहार किया जाए। आरजे बालाजी ने अपने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए लिखा, “आप में से हर उस व्यक्ति का शुक्रिया, जो थिएटर आया और ‘करुप्पु’ को प्यार दिया। आपका यह प्यार हमारे लिए अविश्वसनीय है। जब हमने यह फिल्म बनानी शुरू की थी, तब हमने इतने प्यार की कभी कल्पना भी नहीं की थी।”

डायरेक्टर ने बताया कि तमिलनाडु और उसके बाहर से भी उन्हें कई भावुक कहानियां मिल रही हैं। दर्शक फिल्म देखते हुए चीयर कर रहे हैं, रो रहे हैं और कई लोग इतने प्रभावित हो गए हैं कि उन्हें थिएटर के अंदर ही दिव्य अनुभूति महसूस हो रही है। आरजे बालाजी ने इसे फिल्म के लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद बताया।

आरजे बालाजी ने दर्शकों से अनुरोध करते हुए कहा, “अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति के पास बैठे हैं जिस पर दिव्य ऊर्जा का असर दिख रहा है, तो कृपया दयालु बनें। उनके पास रहें, उन्हें पानी दें, जगह दें और सहारा दें। थिएटर स्टाफ को तुरंत सूचित करें ताकि उनकी देखभाल पूरे सम्मान के साथ की जा सके। किसी अजनबी की छोटी-सी दया भी एक पवित्र काम है।”

उन्होंने तमिलनाडु के थिएटर मालिकों और पार्टनर्स से भी विनम्र अनुरोध किया कि वे अपने स्टाफ को ऐसे संवेदनशील पलों के लिए तैयार रखें और हर व्यक्ति के साथ पूरा सम्मान रखें। आरजे बालाजी ने लिखा, “‘करुप्पु’ अब लोगों की फिल्म बन चुकी है। आप थिएटर में जो विश्वास लेकर आए हैं, उसी ने इस फिल्म को यह मुकाम दिया है। आइए, हम सब मिलकर इस विश्वास की रक्षा करें।”

सूर्या स्टारर एक्शन एंटरटेनर फिल्म ‘करुप्पु’ की रिलीज एक दिन टलने के बाद जबरदस्त ओपनिंग के साथ सुपरहिट बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है। फिल्म में सूर्या के साथ तृषा कृष्णन लीड रोल में हैं। फिल्म का संगीत साई अभ्यंकर ने दिया है।

--आईएएनएस

एमटी/एएस