नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने विभिन्न सेवा/कैडर के लिए 'सहायक ग्रेड सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा- 2025' के तहत सहायक अनुभाग अधिकारी (असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर) के कुल 341 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एसएससी की ओर से असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) पोस्ट के लिए जारी 341 रिक्तियों में केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस), कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) से 318 और विदेश मंत्रालय (कैडर सेल) से 23 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद, उम्मीदवारों को अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक नंबर 12, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003' पते पर 23 जुलाई को शाम 6 बजे तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचा देना चाहिए। वहीं, विदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की प्रिंटेड कॉपी, जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से पहुंचाने की अंतिम तिथि 30 जुलाई के शाम 6 बजे तक तय की गई है।
केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस), कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) सेवा में एएसओ पद के लिए सेंट्रल सेक्रेटेरिएट क्लेरिकल सर्विस के अपर डिवीजन ग्रेड का कोई भी अधिकारी, जिसने संबंधित तारीख तक उस ग्रेड में कम से कम छह वर्ष की मंजूर-शुदा सेवा पूरी कर ली हो, वह परीक्षा में बैठने का पात्र होगा।
विदेश मंत्रालय (कैडर सेल) में एएसओ पद के लिए सर्विस के वे अपर डिविजन क्लर्क आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने तय तारीख पर विदेश मंत्रालय द्वारा बताए गए जरूरी ट्रेनिंग प्रोग्राम पूरे कर लिए हों और उस ग्रेड में कम से कम छह वर्ष की मंजूर-शुदा सर्विस की हो।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), सेवा-रिकॉर्ड (एपीएआर) का मूल्यांकन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) अगस्त में आयोजित होने की संभावना है, जिसकी तारीख, समय और पते की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम