डरबन, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 अक्टूबर से डबरन में शुरू होने जा रहे पहले टेस्ट से बाहर बैठना पड़ सकता है। ग्रीन पेट की मांशपेशियों में खिंचाव की समस्या से उबर रहे हैं।
सोमवार को 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर ग्रीन किंग्समीड में पहला टेस्ट नहीं खेलते, तो उनके वेस्टर्न ऑस्ट्रेलियन टीम के साथी और बैटिंग ऑलराउंडर कूपर कोनोली को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
27 वर्षीय ग्रीन को यह चोट साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान 'हुक शॉट' खेलते समय लगी थी। ग्रीन पोटचेफस्ट्रूम में ऑस्ट्रेलिया के दो दिवसीय वार्म-अप मैच में नहीं खेले थे और उन्हें केवल हल्की फिजिकल कंडीशनिंग तक ही सीमित रखा गया था। रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीन दूसरे या तीसरे टेस्ट में वापसी का लक्ष्य बना सकते हैं।
कैमरून ग्रीन हालिया वनडे सीरीज के दौरान कंधे के दर्द से भी जूझ रहे थे, जिससे उनकी गेंदबाजी का वर्कलोड सीमित हो गया था। पेट की मांसपेशियों में ताजा खिंचाव उनकी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग क्षमताओं को प्रभावित करता है, जिससे ऑस्ट्रेलिया अपनी प्लेइंग इलेवन में एक अहम संतुलन बनाने वाले खिलाड़ी से वंचित हो जाता है।
ग्रीन बल्लेबाजी में शानदार फॉर्म में थे, उन्होंने डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट शतक लगाया था और स्टीव स्मिथ के साथ उस सीरीज के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रहे थे।
ग्रीन के संभावित रूप से बाहर रहने से कोनोली के दूसरे टेस्ट में खेलने की संभावना बढ़ गई है; उन्होंने पिछले साल की शुरुआत में श्रीलंका में अपना डेब्यू किया था। डरबन की पिच, जिससे ऐतिहासिक रूप से धीमे गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद रहती है, कोनोली को स्पिन-ऑलराउंडर के तौर पर शामिल करने के पक्ष में हो सकती है, क्योंकि वह मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाजी के साथ-साथ काम के लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाजी विकल्प भी देते हैं।
ग्रीन की चोट से प्लेइंग इलेवन में ब्यू वेबस्टर की जगह भी पक्की हो गई है, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज सैम हार्पर और अनुभवी निक मैडिनसन को पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में शामिल किया गया था।
--आईएएनएस
आरएसजी