नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। सोने की कीमतों में तेजी का दौर जारी है। गुरुवार को सोना 200 रुपए प्रति ग्राम महंगा हुआ। वहीं, चांदी के दाम में 800 रुपए प्रति किलो से अधिक गिरावट देखी गई।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के द्वारा जारी ताजा कीमतों के अनुसार, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 207 रुपए बढ़कर 95,516 रुपए हो गई है, जो कि पहले 95,309 रुपए थी।
इसके अतिरिक्त 22 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 87,493 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 87,303 रुपए पर था। 18 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 71,637 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। यह पहले 71,482 रुपए पर था।
सोने के उलट चांदी की कीमतों में गिरावट हुई है। आईबीजेए के मुताबिक, चांदी का भाव 813 रुपए कम होकर 96,519 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 97,332 रुपए प्रति किलो पर था।
हाजिर के साथ वायदा बाजार में भी सोने और चांदी में विपरीत दिशा में कारोबार हुआ। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 जून 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 95,815 रुपए और चांदी का 4 जुलाई 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 1.09 प्रतिशत कम होकर 97,175 रुपए पर था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी दोनों में गिरावट देखी जा रही है। सोने 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,306 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 32.85 डॉलर प्रति औंस पर है।
इससे पहले बुधवार को 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का भाव 1,502 रुपए बढ़ा था। वहीं, चांदी का भाव 1,760 रुपए बढ़कर 97,332 रुपए प्रति किलो हो गया था।
1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 19,354 रुपए या 25.40 प्रतिशत बढ़कर 95,516 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 10,502 रुपए या 12.20 प्रतिशत बढ़कर 96,519 रुपए पर पहुंच गया है।
--आईएएनएस
एबीएस/