सोने और चांदी में तूफानी तेजी, एक दिन में करीब 7,000 रुपए तक बढ़े दाम

सोने और चांदी में तूफानी तेजी, एक दिन में करीब 7,000 रुपए तक बढ़े दाम

मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। सोने और चांदी में तूफानी तेजी का दौर जारी है। गुरुवार को 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम 500 रुपए से अधिक और चांदी की कीमत में करीब 7,000 रुपए प्रति किलो का इजाफा हुआ है।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) द्वारा शाम को जारी की गई कीमतों के मुताबिक, 24 कैरेट के सोने की कीमत बढ़कर 1,22,629 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि इससे पहले बुधवार को 1,22,098 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। 24 कैरेट सोने में 24 घंटों में 531 रुपए प्रति 10 ग्राम की तेजी आई है।

22 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत बढ़कर 1,12,328 रुपए हो गई है, जो कि इससे पहले 1,11,842 रुपए प्रति 10 ग्राम पर थी। वहीं, 18 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम बढ़कर 91,972 रुपए हो गया है, जो कि पहले 91,574 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

सोने के साथ चांदी की कीमत में भी तेजी देखी गई है और यह ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई है। चांदी का दाम 6,850 रुपए बढ़कर 1,59,550 रुपए प्रति किलो था।

आईबीजेए की ओर से सोने और चांदी की कीमतों को दिन में दो बार सुबह और शाम अपडेट किया जाता है।

वायदा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमत में तेजी दर्ज की गई है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 5 दिसंबर 2025 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 0.09 प्रतिशत बढ़कर 1,23,325 रुपए और चांदी के 5 दिसंबर 2025 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 0.41 प्रतिशत बढ़कर 1,50,475 रुपए थी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। कॉमैक्स पर सोना की कीमत करीब 0.13 प्रतिशत घटकर 4,065 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 0.20 प्रतिशत बढ़कर 49.09 डॉलर प्रति औंस पर थी।

एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि एक बड़ी रैली के बाद सोने एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। सोने में तेजी मुख्य रूप से डीडॉलरलाइजेशन, अमेरिकी सरकार के शटडाउन और निवेश मांग के कारण आई थी।

उन्होंने आगे कहा कि बड़ी तेजी के कारण सोना अधिक खरीदारी के जोन में चला गया है। ऐसे में इसमें एक गिरावट आने की संभावना बनी हुई है। आने वाले दिनों में सोना 1,21,000 रुपए से लेकर 1,25,000 रुपए के दायरे में रह सकता है।

--आईएएनएस

एबीएस/