मुंबई, 28 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड इंडस्ट्री में सिर्फ एक फिल्म ही कलाकारों की जिंदगी पूरी तरह बदल देती है। ऐसी ही एक फिल्म रही साल 2003 की 'इश्क विश्क', जिसने अभिनेत्री शहनाज ट्रेजरीवाला को पहली बार बड़े पर्दे पर असली पहचान दिलाई। इस फिल्म में उनके किरदार ने दर्शकों का ध्यान खींचा और यहीं से उनके करियर को नई दिशा मिली।
शहनाज का जन्म 29 जून 1981 को मुंबई के एक पारसी परिवार में हुआ था। उनके पिता मर्चेंट नेवी में इंजीनियर थे। उन्होंने मुंबई से पढ़ाई की और कॉलेज के दिनों में ही मॉडलिंग शुरू कर दी थी। मॉडलिंग की शुरुआत के बाद शहनाज ने कई विज्ञापनों में काम किया। इसके बाद उन्हें 'एमटीवी मोस्ट वॉन्टेड' में वीडियो जॉकी बनने का मौका मिला। यह शो उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुआ, जिसने उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बना दिया।
टीवी पर सफलता के बाद शहनाज ने फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया। उन्होंने साल 2001 में तेलुगु फिल्म 'एडुरुलेनी मनीषी' से अभिनय की शुरुआत की। हालांकि उन्हें असली पहचान 2003 में बॉलीवुड फिल्म 'इश्क विश्क' से मिली। इस फिल्म में वह शाहिद कपूर और अमृता राव के साथ नजर आईं। उनका किरदार दर्शकों को काफी पसंद आया और वह सुर्खियों में छाने लगी। यह फिल्म उस दौर की हिट फिल्मों में शामिल रही और शहनाज के लिए यह एक बड़ा ब्रेक साबित हुई।
'इश्क विश्क' के बाद उनके करियर को नई रफ्तार मिली और उन्होंने 'हम तुम', 'लव का द एंड' और 'दिल्ली बेली' जैसी फिल्मों में भी काम किया। हालांकि उनका फिल्मी सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने अपने छोटे करियर में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने हर किरदार में कुछ नया करने की कोशिश की और खुद को एक अलग अंदाज में पेश किया।
फिल्मों के साथ-साथ शहनाज ने लेखन और ट्रैवलिंग की दुनिया में भी कदम रखा। उन्हें घूमने का बहुत शौक था और उन्होंने इसे अपने काम का हिस्सा बना लिया। उन्होंने कॉस्मोपॉलिटन, एले और फेमिना जैसी मैगजीन के लिए ट्रैवल आर्टिकल लिखे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैवल चैनल पर 'कल्चर शॉक' शो भी होस्ट किया।
बाद में शहनाज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काम किया। उन्होंने अमेरिकी टीवी शो 'वन लाइफ टू लिव' में भी अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वह कई अमेरिकी प्रोजेक्ट्स और पैनल शोज में भी नजर आईं। धीरे-धीरे वह एक ट्रैवल पर्सनैलिटी और डिजिटल क्रिएटर बन गईं।
डिजिटल दौर में शहनाज सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहीं और इंस्टाग्राम पर अपनी ट्रैवल जर्नी साझा करने लगीं। आज उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उनके सफर और लाइफस्टाइल से जुड़े हैं। उन्होंने 'वी रन द वर्ल्ड' जैसी ट्रैवल पहल भी शुरू की।
--आईएएनएस
पीके/वीसी