नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के शिक्षा निदेशालय द्वारा समग्र शिक्षा (केंद्र प्रायोजित योजना - सीएसएस) के अंतर्गत विभिन्न कर्मचारियों और शिक्षकों की कुल 26 पदों पर अल्पकालिक संविदा (एसटीसी) आधार पर नियुक्ति हेतु एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह नियुक्ति सरकारी विद्यालयों और समग्र शिक्षा कार्यालयों के लिए किया जाएगा।
केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन की ओर से जारी पदों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चे (सीडब्लूएसएन) के लिए संसाधन व्यक्ति के 1, करियर परामर्श के लिए शैक्षणिक संसाधन व्यक्ति के 1, प्राथमिक शिक्षक (अंग्रेजी माध्यम) के 10, उच्च प्राथमिक शिक्षक (अंग्रेजी माध्यम) के 6, अंशकालिक प्रशिक्षक के 7 और विशेष शिक्षक (माध्यमिक) के 1 पद शामिल हैं।
इन पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू, कक्षा प्रदर्शन, प्रायोगिक परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 12,100 से 27,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार बीएड (विशेष शिक्षा) में ग्रेजुएशन, ग्रेजुएशन के साथ में करियर काउंसलिंग में डिप्लोमा/काउंसलिंग में मास्टर डिप्लोमा का प्रमाण पत्र, कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ सीनियर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं उत्तीर्ण) और प्रारंभिक शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा, बीए/बीएससी/बीकॉम में ग्रेजुएशन और प्राथमिक शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा, 12वीं कक्षा या उसके समकक्ष परीक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार 30 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 28 मई को सुबह 8.30 बजे से 'सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, दीव' पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी के साथ उनके प्रिंट आउट भी ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार दादरा एवं नगर हवेली या दमन एवं दीव की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाएं।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम