संजय कपूर की अरबों की संपत्ति पर घमासान, मां रानी कपूर की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया समन

संजय कपूर की अरबों की संपत्ति पर घमासान, मां रानी कपूर की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया समन

नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति और पारिवारिक विरासत को लेकर चल रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। उनके निधन के बाद परिवार में इस अरबों की संपत्ति को लेकर तीन धड़ों में विवाद शुरू हो गया था। गुरुवार को संजय कपूर की मां रानी कपूर की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।

इस याचिका में रानी कपूर ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की मौत के बाद उनकी पूरी संपत्ति को उनके बिना जानकारी या सहमति के ट्रस्ट में स्थानांतरित कर दिया गया। इस याचिका पर कोर्ट ने समन जारी किया है, लेकिन फिलहाल किसी भी तरह का अंतरिम आदेश नहीं दिया है।

रानी कपूर की याचिका में कहा गया है कि उनके खिलाफ और उनके परिवार की संपत्ति के साथ कई गैर‑कानूनी कार्य किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू प्रिया कपूर और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों समेत कुल 22 लोगों ने मिलकर एक फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाया। इस ट्रस्ट के जरिए उनकी संपत्ति पर नियंत्रण किया गया और उन्हें परिवार की संपत्ति से बाहर कर दिया गया। उन्होंने अदालत से मांग की है कि यह ट्रस्ट अवैध घोषित किया जाए और उनकी संपत्ति उन्हें उसी स्थिति में वापस दी जाए जो ट्रस्ट बनने से पहले थी।

याचिका में कहा गया कि रानी कपूर मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थीं। ऐसे में उनकी इस स्थिति का फायदा उठाते हुए कई कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और संपत्ति पर कब्जा किया गया।

याचिका में कहा गया कि संजय कपूर के निधन के तुरंत बाद प्रमुख ग्रुप कंपनियों पर नियंत्रण भी उनके बिना जानकारी के ले लिया गया। रानी ने आरके फैमिली ट्रस्ट को अवैध, धोखाधड़ी वाला और सोची-समझी साजिश का नतीजा बताया।

दिल्ली हाईकोर्ट ने इस याचिका पर समन जारी किया। अदालत ने फिलहाल ट्रस्ट पर यथास्थिति बनाए रखने का कोई अंतरिम आदेश नहीं दिया है।

इस हाई‑प्रोफाइल केस में प्रिया कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चों की भी भूमिका चर्चा में है। दोनों पक्षों के बीच संपत्ति और ट्रस्ट को लेकर लड़ाई जारी है। अदालत में दोनों पक्षों के दावे, सबूत और गवाह पेश किए जा चुके हैं। आने वाली सुनवाई में यह तय होगा कि ट्रस्ट की संपत्ति पर किसका अधिकार है और रानी कपूर की मांग कितनी मान्य होगी।

--आईएएनएस

पीके/वीसी