हैदराबाद, 1 मार्च (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने रविवार को हैदराबाद, तेलंगाना में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालिफायर के लिए 20 सदस्यों वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की। अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी। क्वालिफायर 8 से 14 मार्च तक आयोजित होगा।
मेजबान भारत, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया अगस्त में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड्स में तीन स्थानों के लिए मुकाबला करेंगे।
टीमों को दो पूल में बांटा गया है। इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया पूल ए में हैं। भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स पूल बी में हैं।
भारतीय टीम में बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खारिबाम गोलकीपिंग की जिम्मेदारी शेयर करेंगी। सुशीला चानू पुखरामबम, निक्की प्रधान, मनीषा चौहान, उदिता, और इशिका चौधरी डिफेंसिव यूनिट में हैं, जबकि कैप्टन सलीमा टेटे, नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, रुतजा दादासो पिसल, और दीपिका सोरेंग मिडफील्ड में होंगी।
आक्रमण की जिम्मेदारी नवनीत कौर, इशिका, लालरेमसियामी, ब्यूटी डुंगडुंग, बलजीत कौर और अन्नू संभालेंगी।
हाल ही में इंडियन विमेंस हॉकी टीम के कोच बने शोर्ड मारिन ने कहा, "हम सच में एक साथ अपने पहले टूर्नामेंट का इंतजार कर रहे हैं। हम फिटनेस और रणनीति पर काम कर रहे हैं ताकि हर कोई टीम में अपने काम और रोल को समझ सके। हम आगे के मैचों के लिए पूरी तरह तैयार होने के लिए हैदराबाद में दो अभ्यास मैच खेलेंगे।"
भारत अपने कैंपेन की शुरुआत 8 मार्च को उरुग्वे के खिलाफ करेगा, इसके बाद 9 और 11 मार्च को स्कॉटलैंड और वेल्स के खिलाफ मैच होंगे।
स्क्वाड: (गोलकीपर) बंसरी सोलंकी, बिचू देवी खारीबम
डिफेंडर: सुशीला चानू पुखरामबम, निक्की प्रधान, मनीषा चौहान, उदिता, इशिका चौधरी।
मिडफील्डर: नेहा, सलीमा टेटे, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, रुतजा दादासो पिसल, दीपिका सोरेंग।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, इशिका, लालरेमसियामी, ब्यूटी डुंगडुंग, बलजीत कौर, अन्नू।
--आईएएनएस
पीएके